Breaking News
recent

किया रक्तदान, लगाए पौधे

दौसा. जिला मुख्यालय स्थित गेटोलाव धाम में बुधवार को वरिष्ठजन व भाजपा बूथ अध्यक्ष सम्मान समारोह तथा रक्तदान व पौधारोपण सहित कई कार्यक्रम हुए।
विधायक शंकरलाल शर्मा के नेतृत्व में सुबह गणेश पूजन किया गया। इसके बाद वाहन रैली निकाल कर पर्यावरण बचाओ का संदेश दिया। संस्कृत विद्यालय में पौधे लगाए गए। विधायक के जन्मदिन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने रक्तदान शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। करीब 108 लोगों ने रक्तदान किया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों की टीम ने रक्त संग्रहण किया। विधायक ने सरकारी विद्यालयों की 500 बालिकाओं को भोजन कराकर गणवेश वितरित की। गेटोलाव धाम पर विधायक ने भगवान शिव का रूद्राभिषेक कर अच्छी बारसात की कामना की। इस दौरान दौसा विधानसभा क्षेत्र सहित कई शहरों से हजारों लोग पहुंचे। इस मौके पर विधायक ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी। विधानसभा मुख्यालय पर रहकर लोगों की हर समस्या सुनकर समाधान किया है। जिला कलक्टर नरेशकुमार शर्मा व पुलिस
अधीक्षक चूनाराम जाट समेत कई अधिकारी व जनप्रतिनिधियों ने भी समारोह में पहुंचकर उत्साहवर्धन किया।

2050 विद्यार्थियों को मिलेगी गणवेश व नोटबुक
दौसा. ब्लॉक प्रारम्भिक शिक्षा कार्यालय के तत्वावधान में गुरुवार सुबह 11 बजे रावत पैलेस में ब्लॉक के 2050 बालक-बालिकाओं को विद्यालय गणवेश व 8-8 नोटबुक नि:शुल्क वितरित की जाएगी। बीईईओ बृजमोहन गुप्ता ने बताया कि निजी कंपनी की निदेशक मुकुलिका वेद की ओर से यह वितरण कार्य होगा।
उन्होंने बताया कि समारोह के मुख्य अतिथि विधायक शंकरलाल शर्मा, अध्यक्षता जिला कलक्टर नरेशकुमार शर्मा, विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण शाहरा, महामंत्री आलोक जैन, जिला परिषद के सीईओ राजेन्द्रप्रसाद चतुर्वेदी व एडीएम राजवीर सिंह होंगे।
उन्होंने बताया कि समारोह में स्थानीय 500 बालक-बालिकाएं शामिल होंगी। बाहर के विद्यालयों के संस्था प्रधानों को समारोह में सामग्री दी जाएगी।

प्रतिमा स्थापना के लिए भूमि पूजन
दौसा. शिक्षा संकुल व जिला शिक्षा अधिकारी (प्रा.) दौसा के कार्यालय परिसर में बुधवार को स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा स्थापना को लेकर भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश शर्मा, साक्षरता अधिकारी बीपी सिंह, सहायक परियोजना अधिकारी महेश आचार्य आदि मौजूद थे। शर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने पूरी दुनिया में शिक्षा का संदेश दिया। शिक्षा संकुल में स्वामी विवेकानंद की मूर्ति स्थापित होना गर्व की बात है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.