Breaking News
recent

झालावाड़ वासियों को प्रेरणा देगा मुकुट बिहारी का बलिदान

झालावाड़.जब से लडानिया गांव के जगन्नाथ मीणा एवं स्वर्गीय घीसी बाई के लाल मुकुट बिहार मीना के शहीद होने का समाचार हाड़ौती के लोगों को पता चला तब से ही बच्चों से लेकर बूढ़े तक के मन में देश के ऐसे सच्चे वीर सपूत के अंतिम दर्शन करने की लालसा थी। शनिवार को जयपुर से सड़ंक मार्ग से सेना के वाहन में जब शहीद की पार्थिव देह खानपुर स्थित टोल नाके के समीप राज्य सरकार के प्रतिनिधि के रूप में शामिल खाद्य नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री बाबूलाल वर्मा के नेतृत्व में लोग शहीद के कारवां में शामिल हो गए। खानपुर एवं बारां के आसपास के क्षेत्र से शिवम गुप्ता, बाबूलाल सुमन, राजू सुमन सहित अन्य युवक भी राष्ट्रीय ध्वज के साथ शहीद की पार्थिव देह के आगे पीछे चल रहे थे वहीं कुछ ऐसे युवक भी वहां मौजूद थे जो शहीद की अंतिम यात्रा में ''मुकुट बिहारी अमर रहे, तेरा यह बलिदान याद रखेगा हिन्दूस्तान'' जैसे गगनभेदी नारे लगाते हुए चल रहे थे। गांव के के घरों की छतों पर से महिलाएं व बच्चे शहीद की पार्थिव देह पर फूल बरसा रहे थे। वहीं हजारों की संख्या में हाड़ौतीवासी जनसैलाब के रूप में शहीद की अंतिम यात्रा को अपनी उपस्थिति से ऐसी गरिमा प्रदान कर रहे थे जैसी वर्षों में हाड़ौती के लोगों ने नहीं देखी थी। प्रारंभ में पुलिस की एस्कोर्ट, पीछे तिरंगा थामे युवक, पीछे सेना के वाहन में शहीद की पार्थिव देह के साथ जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी एवं सेना के जवान, उसके पीछे तिरंगा थामे युवक और जहां तक आंख देख सकती हो वहां तक लोगों का हुजूम था। हर आंख नम थी। ऐसे देशभक्त शहीद मुकुट बिहारी मीना को श्रद्धाजंलि देने का अवसर कोई चूकना नहीं चाहता था।

शहीद को दिया गार्ड ऑफ ऑनर-
सेना की 21 सिख रेजिमेन्ट कोटा और राजस्थान पुलिस के जवानों ने शहीद को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान सेना व पुलिस के जवानों द्वारा शहीद को हवाई फायर कर सलामी भी दी गई। जिला कलक्टर सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने शहीद की पार्थिव देह को कंधा दिया। इस दौरान जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने शहीद की पार्थिव देह को कंधा दिया। उन्होंने केन्द्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा शहीद को देय सम्पूर्ण पैकेज शहीद मुकुट बिहारी मीना के आश्रितों को शीघ्र दिलवाने की घोषणा की।
एडीएम ने मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन-
अतिरिक्त जिला कलक्टर भवानी सिंह पालावत ने शहीद के पत्नी अंजना मीणा के नाम प्रदेश की मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे द्वारा भेजे गए शोक संदेश का वाचन शहीद को मुखाग्नि देने से पूर्व उपस्थित जनसैलाब के सम्मुख किया।
शहीद को पुष्प चक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री बाबूलाल वर्मा, राज्य जन अभाव अभियोग निराकरण समिति अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार, संसदीय सचिव नरेन्द्र नागर, कोटा सांसद ओम बिड़ला, डग विधायक रामचन्द्र सुनारीवाल, मनोहरथाना विधायक कंवरलाल मीणा, जिला प्रमुख टीना कुमारी भील, पूर्व आरपीएससी चैयरमेन श्याम सुन्दर शर्मा, संजय जैन ताऊ, महिला आयोग की सदस्य अरूणा मीणा, जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी, पुलिस अधीक्षक आनन्द शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर भवानी सिंह पालावत, उपखण्ड अधिकारी खानपुर बी.आर. विश्नाई, पूर्व विधायक अनिल जैन, नगर परिषद् सभापति मनीष शुक्ला सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने शहीद को पुष्प चक्र अर्पित श्रद्धाजंलि अर्पित की। सेना की तरफ से लेफ्टीनेंट कर्नल राजेश चौधरी, मेजर अजय बेरीवाल, सुबेदार रमेश, सुबेदार खुशीलाल सहित 12 पेराट्रूपर्स ने भी शहीद को पुष्पांजलि अर्पित की।

मुकुट बिहारी की शहादत को याद रखेंगे हाड़ौती के लोग -
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बाबू लाल वर्मा ने कहा कि लडानिया गांव के अमर शहीद मुकुट बिहारी मीना की शहादत को देश प्रदेश तथा जिले के लोग हमेशा याद रखेंगे। मातृभूमि के लिए उनके द्वारा किया गया बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। युगों-युगों तक हाड़ौती के लोगों को उनकी शहादत देश सेवा के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि इस दु:ख की घड़ी में प्रदेश की मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि के तौर पर संतृप्त परिवार को यह दुख सहन करने तथा दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता हूं। उन्होंने इस दौरान 3 करोड़ 37 लाख रुपए कि राशि से 1.9 किमी की बारां-खानपुर हाईवे से लडानिया गांव तक सम्पर्क सड़क बनाने की राज्य सरकार की ओर से घोषणा भी की।
मुकुट बिहारी जैसे वीर सैनिकों की वजह से ही हम चैन की सांस ले पाते हैं-
मनोहरथाना विधायक कंवरलाल मीणा ने कहा कि मुकुट बिहारी जैसे वीर सैनिकों की वजह से ही जनता चैन की सांस ले पाती है। उन्होंने कहा कि ऐसे वीर सपूत की याद में झालावाड़ शहर में शहीद स्मारक बनवाने के लिए प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे, झालावाड़- बारां सांसद दुष्यन्त सिंह से जनता की ओर से मांग करेंगे।
सच्चे वीर थे शहीद मुकुट बिहारी -
शहीद मुकुट बिहारी मीना की पार्थिव देह के साथ लडानिया आए उनकी रेजीमेन्ट 3 पैरा (एसएफ) के लेफ्टिनेंट कर्नल राजेश चौधरी ने बताया कि कश्मीर में आंतकवादियों के सफाए हेतु सेना द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बुधवार को कुपवाड़ा के घने जंगलों में सेना को आतंकवादियों के छुपे होने की पुख्ता जानकारी मिली थी। आतंकवादियों से निपटने के लिए सेना की एक सर्च टीम का गठन किया गया जिसमें शहीद मुकुट बिहारी को कुपवाड़ा क्षेत्र के जंगल के बारे में बेहतर जानकारी होने के कारण सर्च टीम के सदस्य के रूप में शामिल किया गया। जब वो कुपवाड़ा के जंगल में आतंकवादियों की खोज कर रहे थे तभी सामने से आतंकवादियों ने उन पर फायर कर दिया जिससे वो घायल हो गए। परन्तु एक सच्चे वीर की भांति घायल होने के पश्चात् भी उन्होंने उन पर गोली चलाने वाले आतंकवादी को भी जवाबी फायर कर वहीं ढेर कर दिया। गुरूवार को आतंकवादी का वहीं पर मृत पाया जाना व उसके शरीर में पोस्टमार्टम के दौरान उनकी बंदूक की गोली का पाया जाना इस बात का प्रमाण है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.