बीकानेर. स्कूली शिक्षा में योजनाओं के क्रियान्वयन एवं निगरानी के लिए ३३ जिलों में एक-एक अधिकारी तैनात किया गया है। ये अधिकारी एसआईक्यूई (स्टेट इनिशिएटिव फॉर क्वालिटी एजुकेशन) योजना के क्रियान्वयन की निगरानी करेंगे।
इसमें शिक्षकों के छात्रों की बेसलाइन तैयार करना, उनके शैक्षणिक स्तर जांच करके लेवल तय करना और इसी लेवल के आधार पर उन्हें पदस्थापित करना शामिल है।
योजना में शिक्षक की हर विद्यार्थी का माह में दो बार टेस्ट लेकर उसका ए, बी, सी ग्रेड तैयार करना तथा अभिभावकों से सम्पर्क करने की जिम्मेदारी है। साथ ही कक्षा १ से ५ तक विभाग की ओर से दी गई डायरी भरना, विद्यार्थी के आयु अनुसार शिक्षा लेना सुनिश्चित करना आदि कार्य भी करने होते हैं। इन सबकी निगरानी के लिए हर जिले में एक-एक शिक्षा अधिकारी को लगाया गया है। ये अधिकारी अन्नपूर्णा दूध योजना, प्रवेशोत्सव और लैब की जांच का कार्य भी देखेंगे।
१.८२ लाख शिक्षकों को प्रशिक्षण
राज्य में जिलेवार नियुक्त अधिकारी ने हर जिले में इस आशय का निरीक्षण कर लिया है। निरीक्षण रिपोर्ट निदेशालय को भेजी जानी है। इस वर्ष प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने राज्य के १ लाख ८२ हजार शिक्षकों को प्रशिक्षण का लक्ष्य निर्धारित किया। इसमें से ८५ प्रतिशत शिक्षकों को प्रशिक्षण दे दिया गया है। इसमें से १५ प्रतिशत शिक्षक विभिन्न कारणों से प्रशिक्षण नहीं ले पाए। उन्हें शीतकालीन अवकाश में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इंटर्नशिप के लिए वीसी ९ को
बीकानेर. शिक्षक प्रशिक्षणार्थियों को इंटर्नशिप के लिए शाला दर्पण पोर्टल के माध्यम से विद्यालय आवंटन की प्रक्रिया के बारे में ९ जुलाई को दोपहर २ से ४ बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) होगी। अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक सुरेश चन्द्र ने बताया कि ब्लॉकस्तरीय अटल सेवा केन्द्रों के माध्यम से परिषद् मुख्यालय जयपुर की अध्यक्षता में वीसी होगी।
उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र के स्थापना दिवस पर 5 को होगी ऊंट दौड़
बीकानेर. भाकृअनुप-राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र में पांच जुलाई को स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर केन्द्र में सिरोही, गुजरात आदि जनजातीय क्षेत्रों के पशु पालकों से केन्द्र के वैज्ञानिक संवाद करेंगे। स्टॉल प्रदर्शनी लगाकर पशुपालकों एवं किसानों को वैज्ञानिक उपलब्धियों व प्रौद्योगिकी संबंधी जानकारी दी जाएगी। केन्द्र स्थापना दिवस पर ऊंटों की दौड़ होगी। निदेशक डॉ. एनवी पाटिल ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ चर्चा की।





No comments:
Post a Comment