Breaking News
recent

क्रिकेट को लेकर हुई कहासुनी झगड़े में बदली, पांच जने घायल

बूंदी. शहर के हायर सैकंडरी स्कूल मैदान में बच्चों के बीच क्रिकेट खेलने के दौरान बच्चों में हुई कहासुनी शाम को बड़ों के झगड़े में तब्दील हो गई। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर मारपीट की। जिसमें दोनों ही पक्षों के पांच जने गंभीर घायल हो गए। घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायलों से बयान लिए।
जानकारी के अनुसार बायपास रोड संगम टाकीज के यहां रहने वाले बच्चे हायर सैकंडरी स्कूल मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। तभी एक पक्ष के बच्चे ने क्रिकेट खेलने की बात कही तो दूसरे पक्ष के बच्चों ने क्रिकेट खिलाने से मना कर दिया। इस पर उसने देख लेने की बात कही और घर चला गया। शाम को एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर पाइप, तलवार से हमला कर दिया। बीच-बचाव में आई महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्का की गई। जिसके चलते बायपास रोड संगम टाकीज के पास रहने वाले एक पक्ष का साबिर हुसैन (22), शाहरुख खान (21) व दूसरे पक्ष का आयुब (30), आसिफ (21) व मुन्ना (45) गंभीर घायल हो गए। इन्हें जिला चिकित्सालय के ट्रोमा वार्ड में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घायलों से घटना के बारे में जानकारी ली। कोतवाली प्रभारी रमेश तिवाड़ी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दी गई है।

फोरलेन हाई-वे पर कार पलटी, दो युवक घायल
रामगंजबालाजी. राष्ट्रीय राजमार्ग 52 रामगंज बालाजी सदर थाना क्षेत्र में फोरलेन बायपास पर कार पलटने से दो युवक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार कोटा दाधीच छात्रावास निवासी राजेश शर्मा (26 ) व देवेंद्र दाधीच (25) वैन से बूंदी से कोटा की तरफ जा रहे थे। रामगंज बालाजी फोरलेन बायपास पर पीछे से आ रही कार ने ओवरटेक करते हुए वैन को कट मार दिया।
ऐसे में वैन पलट गई । वैन में सवार दोनों युवक घायल हो गए। आस पास खेतों में काम कर रहे लोगों ने वैन को सीधा करके दोनो युवकों को बाहर निकाला। बाद में युवकों ने बूंदी परिचितों को सूचना देकर बुलाया। राजेश शर्मा के चोट ज्यादा लगने के कारण उसे परिचित उपचार के लिए बूंदी अस्पताल ले गए। वहीं दूसरा युवक देवेंद्र दाधीच पुलिस कार्रवाई से बचने के चलते वैन को लेकर कोटा की तरफ रवाना हो गया।

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.