Breaking News
recent

हादसे को न्योता देता सड़क किनारे खुला कुआं

भंडाना. नेशनल हाईवे से नांगल बैरसी जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे एक खुला कुआं हादसे को न्योता दे रहा है। कुएं की मुंडेर सड़क से करीब 2 फीट नीचे है। बरसात के दौरान कुएं के होने का पता नहीं चलता। कई बार कुआं पानी में डूब जाता है। इससे बड़ा हादसा होने का खतरा रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार जानवर गिर चुके हैं।

 

गौरतलब है कि गत दिनों लालसोट क्षेत्र में दो बाइक सवारों की मौत खुले कुएं में गिरने से हो गई थी। इसके बाद भी जिले में प्रशासन गंभीरता से नहीं ले रहा। प्रशासन की उदासीनता से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।

 

गुढ़लिया-अरनिया. ग्राम पंचायत देलाड़ी के मितरवाड़ी गांव में जलदाय विभाग की बोरिंग के समीप स्थित खुला कूप हादसे को न्यौता दे रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से कुएं का ना तो पटाव किया जा रहा है और ना ही मिट्टी भराव। इसको लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।

 

 

भाजपा नेता रामराय पंचोली व ग्रामीण कुलदीप शर्मा ने बताया कि इस कुएं का पटाव कराने के लिए ग्राम पंचायत प्रशासन को लिखित में शिकायत दे चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जबकि इस कुएं में कई मवेशियों के गिर जाने से मौत भी हो चुकी है। कुएं के समीप ही पानी की टंकी स्थित होने से लोगों की आवाजाही बनी रहती है। कुए के आस-पास आबादी क्षेत्र है। ऐसे में स्कूली छात्र भी कुएं के समीप ही होकर आवाजाही करते हैं।

 

 

आदर्श गांव के मुख्य रास्ते में जलभराव


मण्डावर. कस्बे के समीप उकरुंद को भले ही आदर्श गांव की श्रेणी में शामिल कर दिया हो, लेकिन हाईवे से गांव के अंदर जाने वाले मुख्य रास्ते पर जलभराव की स्थिति होने से लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 

ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी बोरवेल की टंकी के पानी के जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से आम रास्ते पर जलभराव के कारण बीमारियां फैलने के साथ-साथ दुर्घटनाओं का भी अंदेशा है। उन्होंने बताया कि कई बार राहगीर व दुपहिया वाहन चालक पानी में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित प्रशासन से पानी निकासी का उचित समाधान करने की मांग की है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.