Breaking News
recent

कनपटी पर पिस्तौल तानकर पेट्रोल पम्प पर नकदी लूटी



सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
चित्तौडग़ढ़/निम्बाहेड़ा. चित्तौडग़ढ़ जिले के निम्बाहेड़ा में फायरिंग, लूट और गोली मारकर हत्या जैसे अपराध दिन-ब-दिन बढते ही जा रहे हैं। शनिवार को आधी रात बाद पुलिस के लिए अपराध की एक और फाइल उस वक्त बढ गई, जब हथियारबंद लुटेरों ने सेल्समैन की कनपटी पर पिस्तौल टिकाकर पैट्रोल पम्प
लूट लिया।
कभी शांत शहर में गिना जाने वाले निम्बाहेड़ा अब समाजकंटकों का अड्डा सा बन गया है। यहां आए दिन फायरिंग की घटनाएं तो ऐसे हो रही है, जैसे अपराधियों को पुलिस का खौफ ही नहीं हो। आपराधिक वारदातों की कड़ी में शनिवार को आधी रात बाद करीब साढे तीन बजे दो बाइक पर सवार होकर आए पांच लुटेरों ने नीमच रोड पर जलिया चेकपोस्ट के पास तिरूपति फीलिंग स्टेशन द्वितीय के कांच फोड़ दिए और वहां तैनात सेल्समैन रामसिंह व दिलखुश बैरागी के साथ मारपीट की। इसके बाद लुटेरों ने दोनों की कनपटी पर पिस्तौल टिकाकर २१ हजार रुपए लूट लिए।
तो और हो जाता नुकसान
पेट्रोल पंप मालिक पारसमल आंजना ने बताया कि दोनों सेल्समैन के अनुसार पांच में से चार लुटेरों के पास पिस्तौल थी। मारपीट और नकदी लूटने के बाद लुटेरे दोनों सेल्समैन को ऑफिस में सेफ के पास ले गए और उसे तोडऩे का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। लुटेरों ने दोनों सेल्समैन से सेफ की चाबी के बारे में भी पूछताछ की, लेकिन उनके पास चाबी नहीं मिलने से लुटेरे फरार हो गए। यदि सेफ टूट जाता तो करीब पांच-छह लाख रुपए का नुकसान हो सकता था। जिस पेट्रोल पंप पर यह वारदात हुई, उसके सामने एक और पेट्रोल पंप है, जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इन कैमरों में वारदात कैद होने की जानकारी भी मिली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज देखकर जांच आगे बढाने के प्रयास कर रही है। पुलिस ने सेल्समैन की रिपोर्ट पर लूट का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि इससे पहले उन्होंने कुछ ट्रकों को भी लूटने का प्रयास किया।

निम्बाहेड़ा को किसकी नजर लग गई
एक जमाना था, जब निम्बाहेड़ा में कानून-व्यवस्था इतनी मजबूत थी कि यहां आपराधिक वारदातों का ग्राफ बहुत नीचे था, लेकिन पिछले कुछ समय से यहां आए दिन वारदातें हो रही है। नगर में फायरिंग की घटनाएं तो आम हो गई है। शुक्रवार को ही नगर में रिसाला स्कूल के सामने कपड़े के एक शो रूम में मालिक पर पिस्तौल तानकर लुटेरे नकदी, मोटरसाइकिल और ड्रेसें लूट गए।





Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.