दौसा.सिकंदरा.दुब्बी. आगरा-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित रेटा गांव के समीप सोमवार सुबह आगे चल रही रोडवेज बस के अचानक ब्रेक लगाने पर पीछे से तेज गति में हिण्डौन से जयपुर जा रही लोक परिवहन की बस टकरा गई। हादसे में करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें से चार जनों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार हादसा उस वक्त हुआ, जब धौलपुर आगार की रोडवेज बस तेज गति में जयपुर की ओर जा रही थी कि बस के आगे एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। तभी पीछे से ओवरटेक कर रही लोक परिवहन बस ने रोडवेज के टक्कर मार दी। इससे लोक परिवहन बस की केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आगे की तरफ बैठी सवारियां केबिन में फंस गई।
धमाके की आवाज सुन आसपास के लोग भागे और बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। सूचना मिलते ही दुब्बी पुलिस चौकी प्रभारी देवेन्द्र कुमार व सिकंदरा थाना प्रभारी कुशालसिंह मय जाप्ते के मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने लोगों की मदद से केबिन में फंसी सवारियों को बाहर निकाला। बाद में सभी घायलों को एम्बुलेंस 108 से जिला अस्पताल भिजवाकर भर्ती कराया गया।
मौके पर सवारियों की चीख पुकार सुन लोगों का दिल पसीज गया। सड़क हादसे की सूचना पर जिला अस्पताल में पीएमओ डॉ. बीके बजाज ने करीब आधा दर्जन चिकित्सक एवं एक दर्जन से अधिक चिकित्साकर्मियों को बुला लिया। जिला अस्पताल में घायलों को देखने वालों की भीड़ हो गई। सूचना पर कोतवाली थाना प्रभारी भगवान सिंह मय जाप्ते के पहुंच गए। भीड़ को देखते हुए जिला अस्पताल में पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त जाप्ता मंगवा लिया।
इनकी हो गई मौत
जिला अस्पताल चौकी प्रभारी रामफूल सैनी ने बताया कि यहां आए करीब डेढ़ दर्जन घायलों में से हिण्डौन के सिकंदरपुर निवासी कालीचरण (32) पुत्र हरिसिंह, हिण्डौन के बड़ी बाखर पाड़ा निवासी हंसराज (40) पुत्र किशोरीलाल गुर्जर, वर्धमान नगर हिण्डौन सिटी निवासी विष्णु (16) पुत्र कमलेश शर्मा को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। कोलवा थाने के खूंटला निवासी दिनेश कुमार (42) पुत्र छोटेलाल योगी की जयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
इनको किया जयपुर रैफर
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार महुवा के पावटा निवासी गोपीसिंह (38) पुत्र हरिसिंह गुर्जर, हिण्डौन के कटकड़ निवासी बीनू (18) पत्नी पुत्री रामेश्वर मीना, महुवा के गाजीपुर निवासी भंवरसिंह (55) पुत्र रामजीलाल गुर्जर, केशराकाबास निवासी सुमेर सिंह (35) पुत्र कजोड़मल गुर्जर, गीजगढ़ निवासी बनवारीलाल (53) पुत्र रामसहाय शर्मा, हिण्डौन निवासी कमलेश(50) पुत्र मिश्रीलाल, नादौती के जीतकापुरा निवासी विजयसिंह (32) पुत्र केशरसिंह, जीतकापुरा निवासी गुड्डी पत्नी विजयसिंह व हलेना निवासी उदयभान सिंह(55) पुत्र विजयसिंह, बांदीकुई के भाण्डेड़ा निवासी अन्नू गुर्जर (27) व आभानेरी निवासी प्रकाश(32) पुत्र जौहरी लाल शर्मा को जयपुर रैफर कर दिया। इनके अलावा दो अन्य गम्भीर घायलों का नाम-पता नहीं मिल पाया। अमरसिंह समेत तीन जनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
खाली थी रोडवेज
दुब्बी पुलिस ने बताया कि धौलपुर आगार की रोडवेज बस को जयपुर मरम्मत के लिए ले जाया जा रहा था। बस में कोई सवारी नहीं होने से चालक भी रोडवेज को तेज गति में चला रहा था।
लोक परिवहन बस का फटा आगे का टायर
हिण्डौन से जयपुर जा रही लोक परिवहन बस भी काफी तेज गति में चल रही थी। ब्रेक लगाने के बाद जब रोडवेज धीमी हुई तो पीछे से तेज गति में चल रही लोक परिवहन बस के चालक ने अचानक ब्रेक लगाए तो उसका आगे का टायर फट गया। इससे बस अनियंत्रित हो गई।








No comments:
Post a Comment