खानपुर. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सोमवार को गांव लडानियां पहुंचकर शहीद मुकुटबिहारी को श्रद्धांजलि दी। शहीद के पिता जगन्नाथ मीणा व शहीद की वीरांगना अंजना मीणा को सांत्वना देकर ढांढस बंधाया।
सीएम सुबह १२ बजकर २० मिनट पर गांव लडानियां पहुंची। यहां सबसे पहले शहीद के घर के बगल मे स्थित रघुनाथ मंदिर मे दर्शन किए। उसके बाद मंदिर परिसर में ही शहीद के पिता के हाल चाल जानकार उनको सांत्वना दी। राजे के साथ संासद दुष्यंत सिंह, प्रभारी मंत्री यूनूस खान, अभाव अभियोग निराकरण समिति अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार, संसदीय सचिव नरेन्द्र नागर, डग विधायक रामचन्द्र सुनारीवाल, जिला प्रमुख टीना भील, कोटा यूआईटी चेयरमैन रामकुंवार मेहता, पूर्व विधायक अनिल जैन व राज्य महिला आयोग सदस्य डॉ. अरूणा मीणा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों थे। मुख्यमंत्री ने करीब १५ मिनट तक शहीद की पत्नी से बातचीत की तथा ढांढस बंधाया। राजे ने कहा कि तुझे घबराने की जरूरत नहीं है। हम सब तेरे साथ हैं। इस दौरान शहीद की पत्नी की गोद मे बैठी ३ माह की पुत्री आरवी को सीएम ने दुलार किया। शहीद की पत्नी ने सीएम को ज्ञापन देकर सरकारी नौकरी की मांग की। इस पर सीएम ने उसे आश्वस्त किया है।
सड़क निर्माण की स्वीकृति का पत्र सौंपा
लडानिया में शहीद के पिता जगन्नाथ को सांसद दुष्यंत सिंह, प्रभारी मंत्री युनूस खान व जिला कलक्टर ने गांव में १.५ करोड़ की लागत से बनने वाले सड़क का स्वीकृत पत्र सौंपा। इसके अलावा गांव के स्कूल का नामकरण शहीद के नाम रखने का भी प्रस्ताव पिता को सौंपा। युनूस खान ने बताया कि फिलहाल खानपुर कॉलेज का नाम शहीद के नाम रखने व शहीद की प्रतिमा का मामला विचाराधीन है।
झालावाड़. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के अपने गृह जिला मुख्यालय पर सोमवार दोपहर पहुंचने पर बरसती घटाओं ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर दोपहर 11.50 बजे पंडि़त दीन दयाल उपाध्याय हवाई पट्टी पर उतरा, इस दौरान करीब 15 मिनट तक वह यहां ठहरी। इस दौरान रिमझिम बारिश शुरु हुई जो लगातार दिन भर जारी रही। मुख्यमंत्री का हवाई पट्टी पर सांसद दुष्यत सिंह, राजस्थान जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार, संसदीय सचिव नरेंद्र नागर, विधायक रामचंद्र सुनारीवाल, जिला प्रमुख टीना भील, आरपीएससी के पूर्व चेयरमेन श्याम सुंदर शर्मा, पूर्व विधायक अनिल जैन, जिला कलक्टर डॉ.जितेंद्र सोनी, जिला पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा सहित अन्य लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर रामचरण शर्मा, बारां के अतिरिक्त जिला कलक्टर भवानी सिंह पालावत, उपखंड़ अधिकारी पीसी रैगर, पुलिस उपअधीक्षक छगन सिंह राठौड़ सहित जिले के सार्वजनिक निर्माण, शिक्षा, परिवहन व जलदाय विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री यहां से 12.05 बजे कार से गांव लड़ानिया शहीद मुकुट बिहारी मीणा के परिजनों को सांत्वना देने के लिए रवाना हो गई। इस दौरान उन्होने अधिकारियों से जिले के विकास कार्य के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंंंत्री को हवाई पट्टी पर गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। हेलिकॉप्टर में उनके साथ जिले के प्रभारी मंत्रीर युनूस खान भी पहुंचे।





No comments:
Post a Comment