निलेश कांठेड़
चित्तौडग़ढ़. मानसूनी बारिश का दौर शुरू होने के साथ ही लोगों को फिर वर्षा के दिन याद आ गए है। खण्डवृष्टि के इस दौर में जब पूरे शहर में भी एक साथ बारिश नहीं होती ऐसे दिन भी भूले नहीं है जब इन्द्रदेव बरसना शुरू हुए तो लोग थमने की प्रार्थना करने लगे। एक साथ ऐसा बरसे की पूरे साल की औसत बारिश का आधा या एक तिहाई पानी एक ही दिन में मेघो ने बरसा दिया। एक साथ बरसने सेे जलभराव एवं बाढ़ जैसे मंजर भी सामने आए। जल संसाधन विभाग की ओर से उपलब्ध वर्ष 1957 से 2017 तक की बारिश के आंकड़ो का विश्लेषण किया जाए तो चौकाने वाले तथ्य सामने आ रहे है। जिले में निम्बाहेड़ा जैसे क्षेत्र भी है जहां 28 जुलाई 1992 को एक ही दिन में 362 मिलीमीटर पानी बरस गया। दूसरी तरफ गंगरार जैसे क्षेत्र भी है जहां कभी 163 मिलीमीटर से अधिक बारिश एक दिन में नहीं हुई है। चित्तौडग़ढ़ जिला मुख्यालय पर पिछले छह दशक में कई बार गंभीरी नदी उफान पर आने से बाढ़ के हालात बने लेकिन अब तक कभी 24 घंटे में बारिश का आंकड़ा 263 मिलीमीटर से उपर नहींं पहुंचा है।
............
निम्बाहेड़ा में बरसा एक ही दिन में सबसे ज्यादा पानी
जिले में पिछले करीब 60 वर्षो में 24 घंटे के अंदर सर्वाधिक पानी निम्बाहेड़ा में बरसा है। यहां वर्ष 1992 में 28 जुलाई को एक ही दिन में 14 इंच से अधिक 362 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। इस बारिश से वहां जलभराव की स्थिति बन गई थी। इतनी बारिश एक दिन में उसके बाद भी जिले में किसी स्थान पर नहीं हुई।
.................
अभी तक नहीं छुआ 200 एमएम का आंकड़ा
जिले में जहां निम्बाहेड़ा, बेंगू, भैसरोडग़ढ़ जैसे स्थानों पर एक दिन में 300 मिलीमीटर से अधिक पानी बरस चुका है तो वहीं कुछ ऐसे भी स्थान है जहां अब तक कभी २०० मिलीमीटर बारिश भी एक साथ नहीं हुई है। जिले में एक दिन में बारिश की दृष्टि से सबसे पीछे गंगरार है जहां अभी सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड 21 अगस्त 2016 को 163 मिलीमीटर का है। इनके अलावा एक दिन में सर्वाधिक बारिश कपासन में 28 जुलाई 1992 को 167 एवं डूंगला में 20 अगस्त 1984 को 181 मिलीमीटर हुई।
...............
कहां कब हुई थी एक दिन में सर्वाधिक बारिश (वर्ष १९५७ से २०१७ तक)
स्थान तारीख बारिश की मात्रा (मिमी में)
चित्तौडग़ढ़ 30 जुलाई 1999 263
निम्बाहेड़ा 28 जुलाई 1992 362
बेंगू 09 अगस्त 2016 338
राशमी 22 अगस्त1957 234
कपासन 28 जुलाई1992 167
डूंगला 20 अगस्त 1984 181
भदेसर 14 अगस्त2012 261
बड़ीसादड़ी 21 अगस्त2016 220
भूपालसागर 28 जुलाई 1992 224
गंगरार 21 अगस्त 2016 163
भैसरोडग़ढ़ 16 अगस्त 2004 305
स्रोत्र-जल संसाधन विभाग की वेबसाईट पर उपलब्ध आंकड़े





No comments:
Post a Comment