बांदीकुई। राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीना का गुरुवार की शाम को बांदीकुई में ढिगारिया भीम जाते समय भाजपाइयों ने स्वागत किया। भाजपा मंडल देलाड़ी के महामंत्री राजेश मीना ने बताया कि सांसद का पूर्व पार्षद राधेश्याम सैनी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में माला औऱ साफा पहनाकर स्वागत किया।
जहां किरोड़ीलाल मीना ने सभी कार्यकर्ताओं को 7 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जयपुर आगमन पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आग्रह भी किया। इस दौरान पूर्व प्रधान सुबधीलाल मीना, किसान मोर्चा के जिला कोषाध्यक्ष सुशील खंडेलवाल, युवा मोर्चा के नगर अध्यक्ष मनोज टोडवाल, देलाड़ी मंडल के महामंत्री राजेश मीना आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने लिया सभा स्थल का जायजा
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गुरुवार सुबह अमरूदों के बाग पहुंची और नरेन्द्र मोदी की सात जुलाई को होने वाली सभा की तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के साथ पूर्व प्रदेश अशोक परनामी, मुख्य सचिव डी बी गुप्ता सहित कई नेता और अफसर मौजूद थे। सभा स्थल का जायजा लेने के बाद मुख्यम़ंत्री ने कहा कि साढे चार सालों में केन्द्र हो या राज्य की सरकार। दोनो ने मिलकर बहुत काम किया है। हमने कई योजनाएं बनाईं।
इंदिरा आवास योजना पिछली सरकार ने बनाई, लेकिन जब ढूंढने जाते तो कुछ नहीं मिलता। हमारी सरकार में ऐसा नहीं है। हमारी सरकार ने काम किया और वो दिख भी रहा है। पीएम के सामने उज्जवला हो या भामाशाह हो या जल स्वावलम्बन योजना हो। जनता खुद पीएम के सामने होगी। मैं जिस भी विधानसभा में गई हूं, वहां लाभार्थियों से मिली हूं। लाभार्थी खुश हैं। सबसे पूछा भी कि क्या हो रहा है। सबने यही कहा कि अब तो बहुत आसान हो गया है। सब कुछ आसानी से मिल रहा है। यह इतिहास का एक पन्ना ही कहा जाएगा।
स्वागत में होर्डिंग्स—बैनर और झण्डों से अटा जेएलएन मार्ग
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संवाद सभा को संबोधित करने के लिए 7 जुलाई को जयपुर आने वाले हैं। प्रधानमंत्री के स्वागत में संवाद सभा स्थल और जेएलएन रोड सहित प्रमुख मार्गों को सजाया संवारा जा रहा है। जहां—जहां से प्रधानमंत्री का काफिला गुजरने की संभावना है उन मार्गों को खासतौर से सजाया जा रहा है। एयरपोर्ट से अमरूदों का बाग स्थित संवाद सभा स्थल के रूट को खासतौर से सजाया जा रहा है। जेएलएन रोड पर एयरपोर्ट से लेकर सभा स्थल तक सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की संख्या की जानकारी देने वाले होर्डिंग्स और बैनर बड़े पैमाने पर लगाए गए हैं। आज सुबह से जेएलएन रोड पर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की तस्वीर वाले होर्डिंग्स—बैनर ही नजर आ रहे हैं। अब होर्डिंग्स के साथ—साथ भाजपा के झण्डे भी बड़े पैमाने पर लगाए जा रहे हैं।





No comments:
Post a Comment