देवगढ़. राष्ट्रीय राजमार्ग आठ पर कामलीघाट के पास भीम विधायक हरिसिंह रावत के फार्म हाउस पर एक निर्माण श्रमिक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। कथित तौर पर देसी महुआ की दो लीटर बोतल में भरी शराब एक साथ गटकने की दो श्रमिकों में शर्त लगी। इस शर्त पर हामी भरते हुए रकी, बदलपुर, जलीगुड़ा (उत्तरप्रदेश) निवासी शफी (53) पुत्र सलार मोहम्मद एक साथ दो लीटर की बोतल एक साथ गटक ली, जिससे रविवार रात साढ़े 12 बजे दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची देवगढ़ थाना पुलिस ने शव को देवगढ़ अस्पताल के मुर्दाघर में रखवा दिया, जिसका सोमवार सुबह परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम करवाया गया। शव पूर्णतया गीला होने, गले में चोट के निशान होने से हत्या की भी आशंका जताई जा रही है। इधर, घटना को लेकर पुलिस द्वारा भी कोई स्पष्ट नहीं किया जा रहा है, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है।
मंदिर-मकान से चोरी, दुकान का नहीं टूटा ताला
कुंभलगढ़. केलवाड़ा थाना क्षेत्र के मजेरा में शनिवार रात मंदिर, मकान के ताले तोड़ कर सोने-चांदी के जेवर, नकदी चोरी हो गए, जबकि ज्वैलर्स शॉप में चोरी का प्रयास किया, मगर सफल नहीं हो पाए।
जानकारी के अनुसार मजेरा स्थित चारभुजानाथ मंदिर का ताला तोडक़र ठाकुरजी के दो मुकुट चुरा ले गए। इसी तरह मजेरा में रूपलाल लोढ़ा के सूने मकान का ताला तोडक़र अज्ञात बदमाश घुसे, जहां कपड़े व अन्य सामान भी बिखेर दिए। बताया कि लोढ़ा करीब एक साल से मुंबई में प्रवासरत है और उनका मकान सूना ही है। लोढ़ा के आने के बाद ही पता चलेगा कि उनके घर से क्या क्या चोरी हुआ है। इसके अलावा मजेरा में एक ज्वैलरी शॉप का ताला तोडऩे का भी प्रयास किया, मगर लॉक नहीं टूट पाया और चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दे पाए। एक ही रात में तीन वारदातें होने से गांव के लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश व्याप्त है।





No comments:
Post a Comment