जैसलमेर. पोकरण के मदासर गांव मेें स्थित राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भूमिगत सीवरेज निर्माण करवाते समय गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखे जाने के कारण पहली ही बारिश में गटर धंस गया। गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व गांव में अस्पताल भवन निर्माण के दौरान गटर का निर्माण करवाया गया था। इस दौरान गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। जिसके चलते क्षेत्र में गुरुवार को हुई पहली बारिश के दौरान ही गटर धंस गया।ऐसे में यहां गड्ढ़ा हो गया है तथा उसमें बारिश का पानी भर गया है। जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।
68 नामान्तरकरण खोले, 80 खातों का दुरुस्तीकरण
जैसलमेर. जिले में 29 जून को न्याय आपके द्वार शिविर की कड़ी ग्राम पंचायत मुख्यालय तनोट, राघवा और भणियाणा में राजस्व शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों के अन्तर्गत दो तहसीलों के तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों द्वारा धारा 135 के तहत कुल 168 नामान्तरकरण खोलें जाकर राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज किए गए है। इसी प्रकार धारा 53 के तहत 05 खातों का विभाजन कर बंटवारें के प्रकरण निस्तारित किए गए। शिविरों में तहसीलदारों की ओर से 80 मामलों में खाता दुरस्ती के प्रकरण निस्तारित किए गए, वही शिविरों में धारा 183 बी व सी 01 प्रकरण निष्पादित किया गया और शिविर के मौके पर ही 92 राजस्व की नकलें प्रदान की गई। इसी तरह 285 अन्य प्रकरण निस्तारित किए गए। उन्होंने बताया कि तहसीलदारों की ओर से इन शिविरों के माध्यम से 631 प्रकरण निस्तारित किए गए। अतिरिक्त जिला कलक्टर स्वामी ने बताया कि इन शिविरों में उपखण्ड अधिकारियों की ओर से धारा 136 के तहत 05 खातों का दुरस्तीकरण किया गया और संबंधित लोगों को राहत दी गई।
संगीत संध्या व स्नेह मिलन समारोह आयोजित
जैसलमेर. साधना कला मंच की ओर से स्थानीय आंगन रेस्टोरेंट में संगीत संध्या व स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। अध्यक्ष भंवरलाल गर्ग व सचिव गोविंद भाटिया ने बताया कि इस दौरान बैठक का आयोजन भी किया गया। जिसमें कार्य कारिणी का पुर्नगठन करने पर भी चर्चा की गई। कार्यकारिणी में करीब 20 सदस्य भी बनाए जाएंगे। कार्यक्रम में श्यामसिंह रूपसी, नंदकिशोर सोनी, गोविन्द भाटिया, डॉ. सज्जन खां, प्रदीप दैया, भीम पणिया, गिरीराज पुरोहित, रमेश मूलसागर, मोहम्मद रफीक, राजेन्द्रसिंह ने प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में जिला प्रमुख अंजना मेघवाल, नगरपरिषद सभापति कविता खत्री, प्रधान अमरदीन फकीर, उम्मेदसिंह तंवर, अशोक तंवर, किरण गर्ग, ईश्वरी देवी भाटिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।





No comments:
Post a Comment