बूंदी/नैनवां. कस्बे के कॉलेज को सरकारी करने की मांग को लेकर चल रही राजस्थान पत्रिका की मुहिम के समर्थन में मंगलवार को सीनियर सैकण्डरी स्कूल में मानव शृंखला बनाई गई। आठ वर्ष के नौनिहालों से लेकर अस्सी वर्ष की उम्र के वरिष्ठजन तक मानव शृंखला में अपनी भागीदारी निभाने पहुंचे।
मानव शृंखला का आयोजन सर्वदलीय महाविद्यालय संर्घ समिति की ओर से किया गया था। इस दौरान शिक्षण संस्थाओं, कोचिंग छात्र, संचालक, व्यापारी, वकील, सामाजिक कार्यकर्ता, राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता, कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी, निजी व सरकारी विद्यालयों के शिक्षक सहित सभी वर्गो के लोगों ने एक-दूसरे का हाथा थामा और कॉलेज को सरकारी करने की मांग का पुरजोर समर्थन किया।
मानव शृंखला में 1470 विद्यार्थियों व विभिन्न संगठनों के आठ सौ से अधिक लोगों ने भागीदारी निभाई।
रैली में भी दिखाया उत्साह
आयोजन में भागीदारी निभाने के लिए सुबह आठ बजे से ही लोग पहुंचना शुरू हो गए थे। सुबह नौ बजे तक तो सीनियर सैकण्डरी स्कूल मैदान में मेला लग गया था। मानव शृंखला के साथ ही कस्बे में रैली निकाली गई। सीनियर सैकण्डरी स्कूल से रवाना हुई रैली, बूंदी रोड, देईपोल, अम्बेडकर सर्किल, लोहड़ी चोहटी, सदर बाजार, गढ़पोल, भगत सिंह सर्किल होती हुई स्कूल मैदान पर पहुंची।
रैली के मार्ग पर दुकानदारों ने स्कूली बच्चों के लिए जलपान की व्यवस्था कर रखी थी। रैली के समापन पर जनसभा का आयोजन हुआ। जनसभा को संघर्ष समिति के संयोजक गोपीलाल सैनी ने सम्बोधित किया तथा सहसंयोजक सुरेश मोडिका ने धन्यवाद दिया। संघर्ष समिति की गुरुवार शाम चार बजे गांधी विश्रांति गृह में बैठक होगी, जिसमें 6 जुलाई को प्रस्तावित नैनवां बंद पर चर्चा की जाएगी।
व्यापारी भी कूदे आन्दोलन में
कॉलेज को सरकारी कराने की मांग के समर्थन में चल रहे आन्दोलन में नैनवां के व्यापारी भी कूद पड़े। बुधवार दोपहर को नैनवां संयुक्त व्यापार महासंघ की आपात बैठक हुई। बैठक में व्यापार महासंघ ने 6 जुलाई को प्रस्तावित नैनवां बंद का समर्थन किया।
व्यापार महासंघ के अध्यक्ष विनोद मारवाड़ा ने बताया कि मांग के समर्थन में 6 जुलाई को सम्पूर्ण व्यापारिक संस्थान बंद रखने का निर्णय किया है। बंद के दौरान ही महाविद्यालय संघर्ष समिति के साथ समस्त व्यापारी गढ़चौक से दस बजे रैली के साथ उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देने जाएंगे।





No comments:
Post a Comment