Breaking News
recent

कर्मचारी चयन बोर्ड व बैंक की परीक्षा 12 को : एक ही दिन में 2 परीक्षा से हजारों विद्यार्थी परेशान

सीकर. राजस्थान राज्य कर्मचारी चयन बोर्ड तथा राजस्थान ग्रामीण बैंक की परीक्षा एक ही दिन होने से शेखावाटी सहित पूरे प्रदेश के हजारों विद्यार्थी परेशान हैं। राजस्थान राज्य कर्मचारी चयन बोर्ड की लिपिक ग्रेड सैकेण्ड/ कनिष्ठ सहायक तथा राजस्थान ग्रामीण बैंक पीओ की परीक्षा 12 अगस्त को है। अधिकांश विद्यार्थियों ने दोनों ही परीक्षा के लिए आवेदन किया है। अब वे असमंजस में हैं कि कौनसी परीक्षा दें और कौन सी नहीं।


सीकर निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि उसने बैंक व लिपिक दोनों के आवेदन भरे थे। संयोग से दोनों ही परीक्षा एक ही दिन है, ऐसे में उसको परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोनों परीक्षा की अलग-अलग तारीख घोषित की जानी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों का नौकरी का सपना पूरा हो सके।

 

छात्रा अंजना ने बताया कि सभी परीक्षाओं का कलेण्डर वर्ष की शुरुआत में ही जारी कर दिया जाना चाहिए, ताकि बाद में परेशानी नहीं हो। उसकी बैंक व लिपिक की परीक्षा एक ही दिन है। इस कारण उसे एक परीक्षा छोडऩी पड़ेगी। चूरू जिले की तारानगर तहसील के राजपुरा गांव निवासी अभय सिंह ने बताया कि बड़ी मुश्किल से तो नौकरियों की जगह निकली है, लेकिन अब तारीख समान होने से फिर से संकट आ गया है। किसी भी एक परीक्षा की तारीख बदली जानी चाहिए, ताकि राजस्थान के बेरोजगारों को नौकरी का एक और मौका मिल सके।

ए से जी तक 12 को
जिन विद्यार्थियों का नाम अंग्रेजी के अक्षर ए से जी तक है, उनकी लिपिक/कनिष्ठ सहायक की परीक्षा 12 अगस्त को दो पारियों में होगी। पहली पारी सुबह आठ से 11 बजे तथा दूसरी पारी अपराह्न दो से पांच बजे तक होगी। इसके प्रवेश पत्र शुक्रवार शाम पांच बजे से डाउनलोड होने शुरू हो गए।

बेल्ट पर भी रोक
आयोग की परीक्षा के डे्रस कोड में इस बार ज्यादा सख्ती बरती गई है। कोई भी विद्यार्थी बेल्ट भी लगाकर नहीं जा सकेगा। छात्र आधी आस्तीन के शर्ट/टी शर्ट, पेंट, हवाई चप्पल/स्लीपर तथा छात्राएं सलवार सूट या साडी, आधी आस्तीन का कुर्ता/ ब्लाउज, हवाई चप्पल/स्लीपर पहनकर तथा बालों में साधारण रबड़ बैंड लगाकर आएंगी। महिलाओं के लिए किसी प्रकार के जेवरात, चूडिय़ां, कान की बाली, अंगूठी, ब्रेसलेट आदि पहनकर आने पर रोक रहेगी। इसी प्रकार घड़ी, जूते, सेण्डल, मौजे, धूप का चश्मा, बैल्ट, हैण्ड बैग, हेयर पिन, गण्डा, ताबीज, हैट, स्कार्फ, शॉल, मफलर पहनकर आने पर रोक रहेगी।

6.30 पर करनी होगी रिपोर्टिंग
आयोग की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सुबह साढ़े छह बजे रिपोर्टिंग करनी होगी। उनको अपने साथ प्रोविजनल इ प्रवेश पत्र, एक मूल फोटो युक्त पहचान पत्र, दो रंगीन फोटो तथा नीले रंग की स्याही का एक पारदर्शी बाल पैन साथ लेकर आना होगा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.