अलवर. सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग जयपुर की ओर से राजर्षि कॉलेज के मैदान में लगे जॉब फेयर में अलवर जिले के ही नहीं समीपतर्वी कई जिलों के बेरोजगार युवाओं का रैला उमड़ा। मेले के पहले दिन साढ़े पांच हजार युवाओं ने विभिन्न कम्पनियों में रोजगार के लिए साक्षात्कार दिए।
राजर्षि महाविद्यालय के खेल मैदान में शुक्रवार सुबह शुरु हुए जॉब फेयर में प्रवेश के लिए 10 बजे से लम्बी लाइन लगना प्रारम्भ हो गई थी। हालात यह थे कि इस लाइन में एक हजार से अधिक युवा खड़े थे। मोबाइल पर कराए गए रजिस्ट्रेशन व कार्ड के आधार पर युवाओं को प्रवेश दिया जा रहा था। तेज धूप में युवा काफी देर तक अंदर जाने की इंतजार करते रहे। खेल मैदान में बने टैंट डोम पूरी तरह अत्याधुनिक थे जिनमें एयर कंडीशनर लगे हुए थे।
रजिस्ट्रेशन तक की कार्रवाई पर पहुंचने के लिए युवाओं को लंबी कतार में यहां तक पहुंचना पड़ा। यहां व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए पुलिस से अधिक प्राइवेट इवेंट कम्पनी के लोग थे जो व्यवस्थाओं को अंजाम दे रहे थे। यहां प्रवेश व बाहर निकलने के लिए अलग- अलग गेट बनाए गए थे जिसमें किसी को परेशानी सामने नहीं आई।
रजिस्ट्रेशन के बाद इंतजार कक्ष में सैकडों युवा एक साथ बैठै हुए थे। जहां से बारी-बारी से युवाओं को कम्पनियों के प्रतिनिधियों की स्टॉल पर भेजा जा रहा था। यहां 70 कम्पनियों ने अपनी स्टॉल लगाई थी जिन्हें तीन वर्ग में बांटा हुआ था। एक गैलरी में 10 वीं व बारहवीं पास, दूसरे में आईटीआई व पॉलिटेक्निक उत्तीर्ण व तीसरे में उच्च शिक्षा धारी युवाओं को रोजगार देने वाली कम्पनी के प्रतिनिधि साक्षात्कार ले रहे थे। अलवर में इतने बड़े स्तर पर ऐसा मेला पहली बार आयोजित किया गया है। इसमें रजिस्ट्रेशन कराने वाले सभी युवाओं को भोजन के पैकेट उपलब्ध कराए गए हैं।
यहां जानिए मेले का लेखा-जोखा
इस रोजगार मेले में 20 हजार लोगों ने नामांकन कराया है। पहले दिन इस रोजगार मेले में 5 हजार युवा आए। इस रोजगार मेले में 150 से अधिक कंपनियां शिरकत कर रही है।
कई अधिकारी रहे जमा
मेले में जिला प्रशासन व पुलिस के कई अधिकारी जमा रहे। इस दौरान यहां एसडीएम नीलाभ सक्सेना, जिला परिषद के सीईओ अंशदीप, आईएएस रिया केजरीवाल, एडीएम प्रथम ओपी जैन , एसीएम सुरेन्द्र प्रताप व्यवस्थाओं को देख रहे थे। सूचना व प्रौद्योगिकी विभाग के ई मित्र प्रोजक्ट के अतिरिक्त निदेशक आरके शर्मा , डॉ. हंसराज यादव ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विभाग के उप निदेशक चारू अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी गई।





No comments:
Post a Comment