Breaking News
recent

पानी छोडऩे के 24 घंटे बाद ही टूटी सांचौर लिफ्ट कैनाल, खेतों में बहा पानी

सांचौर. बीते साल जुलाई महीने में आई बाढ़ से टूटी सांचौर लिफ्ट कैनाल में एक साल बाद विभाग की ओर से पानी छोडऩे के २४ घंटे बाद ही बड़सम बाइपास रोड के पास से लिफ्ट कैनाल टूट गई। जिससे हजारो गैलन पानी खेतों में व्यर्थ बह गया। सूचना पर विभागीय अधिकारियों ने मौका स्थल का निरीक्षण कर जायजा लिया। गौरतलब है कि बीते साल जुलाई माह में आई बाढ़ से सांचौर लिफ्ट कैनाल पूर्ण रूप से टूट गई थी। जिसकी बदौलत पिछले साल सीयाळू सीजन में किसानों को सिंचाई का पानी नसीब नहीं हो पाया था। वहीं टूटे नर्मदा विभाग के सिस्टम को ठीक करने के लिए विभाग ने करोड़ों रुपए के टेंडर जारी किए थे। वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में इस बार बारिश नहीं होने से अकाल की स्थिति है और खेतों में खड़ी फसलें सूख रही हैं। जिसको लेकर विधायक सुखराम बिश्नोई की ओर से धरना देने पर विभाग ने पशुओं का चारा उगाने के लिए नहरों में पानी तो छोड़ा दिया, लेकिन लिफ्ट कैनाल ठीक करने के करीब एक साल बाद पहली बार पानी छोडऩे के २४ घंटे बाद ही नहर टूट गई। जिससे विभाग को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं ४७ किमी लंबी लिफ्ट कैनाल के किसानों को अब पानी के लिए और इंतजार करना पड़ सकता है। हालांकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि लिफ्ट कैनाल पर बनाए गए साईफन के पास के पूर्व में निर्मिति लिफ्ट कैनाल में लीकेज से इसका कुछ भाग क्षतिग्रस्त हुआ है। जिसकी मरम्मत का कार्य शुरू करवा दिया गया है।
ज्वाइंट व पुरानी लिफ्ट में लीकेज से टूटी
सांचौर लिफ्ट कैनाल में रविवार दोपहर करीब ३ बजे लीकेज होने से नहर टूट गई। लीकेज स्थल से सटे भाग में विभाग की ओर से पिछली बाढ़ में लिफ्ट टूटने से साइफन का निर्माण किया था। इस दौरान साइफन के पास पूर्व में मरम्मत कार्य सही ढंग से नहीं करने की वजह से लीकेज हो गया और नहर टूट गई।
खेतों में बहा पानी, सोशल मीडिया पर अफवाह
सांचौर लिफ्ट कैनाल के लीकेज होने से आस-पास के खेतो में पानी भर गया। हालांकि इसकी जानकारी होते ही विभाग ने पीछे से पानी की आवक रोक दी। वहीं आस-पास के खेतों में भरे पानी के फोटोज व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वहीं सोशल मीडिया पर लिफ्ट कैनाल के टूटने से सांचौर शहर को खतरा होने की आंशका से लोगों में चर्चा का विषय बना रहा।
विभाग का दावा
नर्मदा नहर परियोजना की सबसे बड़ी सांचौर लिफ्ट कैनाल टूटने की अफवाह ने विभाग में हलचल मचा दी। विभागीय अधिकारियों नेबताया कि टूटी लिफ्ट कैनाल को २४ घंटे से पहले ठीक करवाकर टेल तक जलापूर्ति शुरू करवा दी जाएगी।
इनका कहना...
सांचौर लिफ्ट कैनाल पूर्व में निर्मित नए साइफन के पास से लीकेज होने के कारण टूटी है। जिससे बह रहे पानी को बंद कर जीरो कर दिया गया है। टूटी लिफ्ट को ठीक करने का कार्य शुरू करवा दिया गया है।
- वासुदेव चारण, एक्सईएन, नर्मदा नहर परियोजना, सांचौर



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.