सवाईमाधोपुर. जल संसाधन विभाग की ओर से लहसोड़ा क्षेत्र के अजीतपुरा गांव के पास फोर वाटर कॉनसेप्ट योजना के तहत बनाए बनाए अजीतपुरा बांध में गुणवत्ताहीन सामग्री का उपयोग करने व मापदण्डों से हटकर दीवार बनाने के मामले में संवेदक के 20 लाख रुपए का बजट रोक लिया। यह बजट उसे बांध के रिसाव को रोकने व अन्य अनियमितताओं को दुरुस्त करने के बाद ही जारी किया जाएगा। वहीं मोरी की दीवार निर्माण के लिए प्रस्तावित पांच लाख का बजट जारी नहीं किया है। गौरतलब है कि बांध निर्माण पर करीब सवा करोड़ की लागत आई थी।
संबंधित जेईएन की लापरवाही आई सामने
जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता सुरेश भूपरिया ने बताया कि बांध के निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग व देखरेख का जिम्मा कनिष्ठ अभियंता बहादुर सिंह को सौंपा था, लेकिन लापरवाही के चलते वह मौके पर नहीं गए। ऐसे में ठेकेदार ने मनमर्जी से गलत व घटिया निर्माण करा दिया। जब उच्चाधिकारियों को इसका पता चला तो उन्होंने संबंधित अधिकारी व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।
दीवार निर्माण का बजट नहीं किया स्वीकृत
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संबंधित ठेके दार ने बांध निर्माण के दौरान अलग से गुणवत्ताहीन व मापदण्डों को दरकिनार कर बनाई गई मोरी की दीवार निर्माण का करीब 5 लाख बजट स्वीकृत नहीं किया है। ना ही उसके लिए बजट दिया जाएगा।
दुरस्त कराएंगे बांध का कार्य
संबंधित ठेकेदार से बांध में रिसाव को दुरस्त कराया जाएगा। साथ ही पाळ व मोरी को ठीक कराएंगे। ठेकेदार का 20 लाख का बजट विभाग ने रोक रखा है। उसे यह राशि नहीं दी जाएगी।
सुरेश भूपरिया, सहायक अभियंता, जल संसाधन विभाग, सवाईमाधोपुर।
आज बंद रहेंगी कपड़े की दुकानें
सवाईमाधोपुर. माह का अंतिम दिन होने के कारण मंगलवार को बजरिया में कपड़े की दुकानें बंद रहेंगी। यह जानकारी वस्त्र व्यापार संघ मानटाउन के अध्यक्ष सीताराम चंदेल ने दी। इसके अलावा अन्य व्यापारियों ने भी माह के अंतिम दिन अवकाश घोषित कर रखा है। इसके चलते शहर में ज्यादातर किराने, रेडीमेड गारमेंटस आदि की दुकानें बंद रहेगी।





No comments:
Post a Comment