बकानी. थाना क्षेत्र के कुलशपुरा ग्राम पंचायत के नयाखेड़ा गांव निवासी दो बालकों की शुक्रवार सुबह लगभग ९ बजे कुएं में डूबने से मौत हो गई।
नाथुलाल पुत्र गोपी लाल तंवर ने मामला दर्ज कराया कि पुत्र राजू (10) और सुरेश तंवर (15) पुत्र नारायण तंवर दोनों स्कूल जा रहे थे। रास्ते में नारायण सिंह तंवर के बिना मुंडेर के कुएं में पानी पीने के लिए रूक गए। इसी दौरान पैर फिसलने से कुएं में गिर गए। पास ही स्थित खेत में मेरा लड़का भगवान काम कर रहा था, वह तुरंत गांव में आया और घटनाक्रम की जानकारी दी। ग्रामीणों ने बच्चों को कुएं से निकाला और सीएचसी लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं शव को पोस्ट मार्टम कर परिजनों को सौंपें। पुलिस ने मृतक के पिता की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे ईलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर थाना प्रभारी उमेश मेनारिया मेय जाप्ते के अस्पताल में पहुंचे, वहीं तहसीलदार ओमप्रकाश दाधीच, विकास अधिकारी राजीव तौमर, प्रधान प्रतिनिधी रायसिंह लोधा, उपप्रधान स्वर्ण कमल शृंगी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जोधराज नागर, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बालचन्द प्रजापति, पटवारी बद्रीलाल रैगर मौके पर पहुंचे।
स्कूल रिकॉर्ड में बच्चों के नाम नहीं
स्कूल जाते समय हादसा होने की जानकारी मिलने के बाद ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, अतिरक्ति ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दोनों ही गोविन्दपुरा और नया खेड़ा स्कूल पहुंचे, जानकारी ली तो दोनों बालकों के नामांकन नहीं मिले।
इकलौता सहारा था सुरेश
मृतक सुरेश के पिता नारायण की मौत 10 साल पहले ही हो चुकी है, मां रतन बाई के जीवन का सहारा सुरेश और उसकी बहन काली बाई ही थी, लेकिन सुरेश की मौत के साथ ही उसकी मां के जीने का एक मात्र सहारा भी नहीं रहा। रतन बाई का विलाप देख लोगों की आंखें भर आई। दोनों ही परिवार आर्थिक रूप से इतने कमजोर हैं कि अन्तिम संस्कार के लिए भी रुपए नहीं जुटा पाए, विकास अधिकारी राजीव तौमर ने सहायता की।





No comments:
Post a Comment