प्रतापगढ़. विश्व आदिवासी कल्याण दिवस का पहला राज्य स्तरीय समारोह गुरुवार को यहां बालक खेल छात्रावास में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग मंत्री नंदलाल मीणा ने की। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे रहीं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने टीएसपी के बीपीएल के परिवारों को घरेलू बिजली प्रतिमाह 50 यूनिट बिजली मुफ्त देने की घोषणा की।इसके साथ ही जिले के सभी किसानों को कृषि के लिए थ्री फेज कनेक्शन ऑन डिमांड देने की घोषणा की।उन्होंने विश्व आदिवासी कल्याण दिवस पर सभी टीएसपी क्षेत्र में सरकारी छुट्टी की घोषणा की है। इससे अब यहां के आदिवासी लोग इंजॉय कर सकेंगे। अपने इतिहास को याद करेंगे और दिनभर विभिन्न खेलकूद, प्रतियोगिताएं आयोजित कर सकेंगे। उन्होंने गोविंद गुरू के नाम से 40 ब्लॉक में सामुदायिक भवन बनाने की घोषणा की। जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग मंत्री नंदलाल मीणा ने कहा कि समारोह का पहले आयोजन में भाग लिया है। उन्होंने कहा कि विभाग के प्रयास से अब दूर-दराज के आदिवासी युवा उच्च शिक्षा के अन्य क्षेत्र में भी आग बढ़ रहे है। समारोह में मुख्यमंत्री को जिला परिषद सदस्य हेमंत मीणा, जिला प्रमुख सारिका मीणा ने तीर-धनुष भेंट किया।
उन्होंने आदिवासियों को देवी-देवता के समान बताते हुए कहा कि आदिवासियों से आशीर्वाद मांगा।
यहां आयोजित समारोह में धरियावद विधायक गौतमलाल मीणा, पूर्व आरएएस अधिकारी और प्रदेश के राजस्थान जनजाति कल्याण परिषद के अध्यक्ष रामचन्द्र खराड़ी, जनजाति आयोग अध्यक्ष प्रकृति खराड़ी, संभागीय आयुक्त भवानीसिंह देथा, जिला प्रमुख सारिका मीणा, अरनोद प्रधान सुमन मीणा, प्रतापगढ़ प्रधान कारीबाई मीणा, नगर परिषद सभापति कमलेश डोसी, जिला कलक्टर भंवरलाल मेहरा, पुलिस अधीक्षक शिवराज मीना, जनजाति परियोजना अधिकारी सुमन मीणा, जिला परिषद सदस्य हेमंत मीणा आदि मौजूद थे।
तो क्या राजस्थान की कांग्रेस में कोई चेहरा नहीं-राजे
छोटीसादड़ी कस्बे में आयोजित सभा में राहुल और कांग्रेस को आड़े हाथों लिया।राजे ने कहा मैंने हमेशा अपना हर काम देवी-देवताओं के दर्शन कर शुरू किया है। हम घर में भी यही करते हैं और हर अच्छा कार्य और दिन की शुरुआत भगवान के दर्शनों से करते हैं। इस पर कांग्रेस कहती आई है कि यह तो हमेशा मंदिरों में ही घूमती रहती है लेकिन अब सुनने में आ रहा है कि राजस्थान गौरव यात्रा को देखते हुए कांग्रेस भी एक यात्रा निकालने की तैयारी कर रही है। इसके लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी जयपुर आएंगे और गोविंददेवजी मंदिर पर दर्शन कर करेंगे। इसके बाद वे मोती डूंगरी भी जाएंगे। मैं यह कहती हूं कि वे इतनी बार जयपुर आए तब तो वे वहां नहीं गए। चलो अच्छा है गौरव यात्रा के बहाने ही सही राहुल गांधी मंदिर में दर्शनों का लाभ ले लेंगे।
जनसभा में राजे ने कहाकि कांग्रेस केवल हल्ला करना जानती है। राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अशोक गहलोत व सचिन पायलट के बाद उन्हें अपने चेहरे पर भरोसा है। जिनके बलपर वे चुनाव जीतना चाहती है। इस समारोह में स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी व उच्च शिक्षा मंत्री जिला प्रभारी किरण माहेश्वरी, पूर्वप्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस केवल घोषणाएं करना जानती है जबकि भाजपा विकास करके दिखाने में विश्वास रखती है। समारोह के दौरान बारिश होती रही। छोटीसादड़ी की आमसभा में गृहमंत्री गुलाबंचद कटारिया मंच पर रहे। उन्होंने मंच से आमजन को सम्बोधित भी किया। समारोह में भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया, सांसद सी पी जोशी, उच्च शिक्षा एवं जिला प्रभारी मंत्री किरण माहेश्वरी, क्षेत्रीय विधायक और सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री श्रीचंद कृपलानी पूर्वविधायक अशोक नवलखा सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि आदि मौजूद रहे। भाजपा जिला अध्यक्ष धनराज शर्मा, प्रधान महावीर सिंह कृष्णावत, नगर पालिका उपाध्यक्ष रामचंद्र माली, कृषि मंडी अध्यक्ष विष्णु लाल पाटीदार सहित अन्य भाजपा पदाधिकारियों और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद व सामाजिक धार्मिक संगठनों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।





No comments:
Post a Comment