चैनराज भाटी
पाली। कृषि कनेक्शन की राह में प्रदेश के करीब 60 हजार किसानों की आंखे पथरा गई है। पिछले आठ साल से किसान सिर्फ इंतजार कर रहे हैं, लेकिन सरकार लगातार देरी कर रही है। अब किसानों का सब्र टूट रहा है। सरकार व डिस्कॉम की ओर से लगातार तारीखे बताने से वे किसान खासे परेशान हैं। आगामी रबी की सीजन तक यह काम पूरा नहीं हुआ तो किसानों को फिर नुकसान उठाना पड़ेगा। प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों को लुभाने के लिए लगातार कृषि कनेक्शन का बैंकलॉक पूरा करने का वादा कर रही हैं, लेकिन यह वादा टूटता नजर आ रहा है। जनवरी 2011 में जिन किसानों ने आवेदन किए, उनके डिमाण्ड निकाल लिए गए। इन किसानों से कहा गया कि शीघ्र ही कृषि कनेक्शन मिल जाएगा। उस समय से किसान इंतजार में हैं। 4 माह पूर्व इसका काम पूरा करने के लिए पहले चरण में 20 हजार कनेक्शन जारी करने थे, लेकिन यह काम आधा भी नहीं हो पाया है। अकेले जोधपुर डिस्कॉम के पाली, जोधपुर, जालोर व सिरोही में करीब दस हजार कृषि कनेक्शन करने थे, लेकिन इनमें से एक हजार कनेक्शन नहीं हो पाए हैं।
ट्रांसफार्मर की कमी मुख्य वजह
कृषि कनेक्शन में हो रही लगातार देरी के पीछे ट्रांसफार्मर की कमी मुख्य वजह बताई जा रही है। इसके लिए सरकारी प्रयास भी ढिले है।
अब किसानों ने जब डिस्कॉम को चेतावनी दी तो इस काम में तेजी लाने के लिए उन्हें आश्वस्त किया गया है।
फीका मानसून, चिंताएं बढ़ी
इस बार मानसून अब तक फीका रहा है। बारिश नहीं होने से किसान परेशान है। किसानों ने आस लगाई थी कि उन्हें समय पर कृषि कनेक्शन मिल जाएगा तो वे फसल की सिंचाई कर लेंगे, लेकिन यह काम भी डिस्कॉम समय पर नहीं कर पाया। मौसम व डिस्कॉम की दोहरी मार किसानों पर है।
फिर देरी, पड़ रही भारी
&कृषि कनेक्शन में लगातार देरी हो रही है। डिस्कॉम प्रशासन से वार्ता भी हुई है। उन्होंने प्लान बनाकर किसानों को दिया है। अब उम्मीद है कि काम में तेजी आएगी। यह देरी लगातार भारी पड़ रही है।
तुलछाराम सिंवर, आंदोलन सह-संयोजक, भारतीय किसान संघ।
नवम्बर तक होगा काम
&ट्रांसफार्मर की कमी के कारण देरी हो गई। अब काम में तेजी लाई जा रही है। नवम्बर तक यह काम पूरा कर लिया जाएगा। किसानों की यह मांग प्राथमिकता से सुनी जा रही है।
बीएल दहिया, कार्यवाहक चीफ इंजीनियर, जोधपुर जोन, जोधपुर डिस्कॉम





No comments:
Post a Comment