साण्डेराव. सांडेराव कस्बे के पुलिस थाने के निकट राजमार्ग मोड पर शनिवार दोपहर एक रोडवेज बस ट्रेलर से भिड़ गई। इसके बाद बस राजमार्ग किनारे लगे बिजली पोल से जा टकराई। इससे अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही उस समय बिजली बंद थी। हादसे में आठ जने घायल हो गए। घायलों को सांडेराव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया। जहां से गंभीर घायल तीन जनों को सुमेरपुर रैफर किया गया।
पुलिस के अनुसार रोडवेज बस पाली की तरफ जा रही थी। बस चालक ने बिना देखे राजमार्ग पर बस चढ़ा दी, इस दौरान साइड से आ रहा एक ट्रेलर उससे भिड़ गया। हादसे में ढोला निवासी वृद्ध मूपाराम पुत्र धुलाराम हीरागर का दाहिना हाथ कट गया तथा सिर पर गहरी चोट लगी। वहीं भूराराम पुत्र गोविंददास मेघवाल निवासी बडलावासनी तिंवरी जोधपुर, हिम्मत नगर गुजरात निवासी नारायणसिंह पुत्र हनुमानसिंह राजपूत गंभीर घायल हो गए। जिनको प्राथमिक उपचार के बाद सुमेरपुर रैफर किया गया।
घायल जालाराम पुत्र नवलाराम मेघवाल निवासी इटन्दरा चारणान, चेतन प्रकाश पुत्र शंकरलाल सैन निवासी जोधपुर व सागर कंवर पत्नी वनराज सिंह राजपूत, किरण कंवर पुत्री किशन सिंह, हर्षिता पुत्री वनराज सिंह राजपूत निवासी पालडी एम को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दी गई। हादसे के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।
युवक का दम टूटा
बाबरा. रास थाना क्षेत्र के खेड़ा सरहद में युवक गंभीर झुलस गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जोधपुर रैफर किया गया। जहां उपचार के दौरान उसका दम टूट गया। पुलिस ने बताया कि रास थाना क्षेत्र के खेड़ा निवासी सांवरराम गुर्जर (२६) पुत्र बलदेव राम गुर्जर झुलस गया था। उसका उपचार के दौरान जोधपुर के महात्मा गांधी चिकित्सालय में दम टूट गया। शव परिजनों को सौंपा।
भैंस चोरी के आरोप में दो युवक गिरफ्तार, फरार की तलाश जारी
राजपुरा क्षेत्र से चोरी हो गई अब तक ६०-८० भैंस चोरी
सादड़ी @ पत्रिका. राजपुरा क्षेत्र से भैंस चोरी के मामले में गुरुवार की रात पकड़े गए दोनों युवकों की पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तारी दर्शाई। इस मामले में फरार अन्य की तलाश जारी है। पुलिस पकडे आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि राजपुरा निवासी जोगाराम पुत्र रूपाराम जाट ने रिपोर्ट दी कि गुरुवार को दिन में उसकी दुधारू मवेशी ग्राम सरहद स्थित जंगल में घास चर रही थी।
इसी दौरान राजसंमद जिला निवासी बदरीराम देवासी व सुरेश वक्ताराम मेघवाल सहित २-३ अन्य ने उसकी ६ भैंस व ३ भैंस खीमाराम जाट की बन्धक बनाकर अन्दर जंगल में छोड़ आए। इन आरोपितों को ग्रामीणों की सजगता से रंगे हाथ दबोच पुलिस के हवाले किया एवं हमारी भैंस इनके चंगुल से मुक्त करवाई आरोपितों को पुलिस ने दो दिन पूछताछ कर शनिवार को इनकी गिरफ्तारी दर्शाई। पुलिस इस आशय में फरार अन्य की तलाश कर रहा हैं।





No comments:
Post a Comment