Breaking News
recent

धूं-धूं कर जला आकल जीएसएस, इलाके में फैली दहशत, टल गया बड़ा हादसा

जैसलमेर.
जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लि. के आकल स्थित 400 केवी के ग्रिड सब स्टेशन पर रविवार शाम आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया होता तो पास ही संग्रहित ऑयल से विकट हादसा हो सकता था। आग की वजह से काले धुएं के गुबार आकाश में छा गए और पास में स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी यातायात व्यवस्था कुछ देर के लिए बाधित हो गई। आग लगने की जानकारी मिलने पर निगम के अधिकारियों के अलावा जैसलमेर से प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मय जाब्ता मौके पर पहुंचे। नगरपरिषद के साथ वायुसेना तथा एमईएस की दमकल गाडिय़ों ने वहां पहुंचकर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसमें वायुसेना की फोम आधारित फायर ब्रिगेड ने अहम भूमिका निभाई।

आग से फैली दहशत
आकल स्थित जीएसएस पर आग लगने से वहां कार्यरत तकनीकी कार्मिकों व अन्य लोगों में दहशत व्याप्त हो गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते विकट रूप धारण कर लिया। आनन-फानन में सभी संबंधित विभागों को इसकी जानकारी कराई गई। रविवार शाम करीब पौने चार बजे जीएसएस में आग भभकने की जानकारी मिली। थोड़ी देर में नगरपरिषद जैसलमेर से दमकल की दो गाडिय़ां रवाना हो गई। बताया जाता है कि आग नहीं बुझने से अधिकारियों में तेल के भंडारण के मद्देनजर भारी चिंता भर गई।

राजमार्ग पर भी अंधेरा-सा छा गया
जिला एवं पुलिस प्रशासन के अनुरोध पर एयरफोर्स से दो तथा एमइएस से एक दमकल मौके पर पहुंची। सभी के सम्मिलित प्रयासों से धधकती आग पर काबू पाया गया। यातायात को रोका गया आकल जीएसएस से उठने वाले धुएं से राजमार्ग पर भी अंधेरा-सा छा गया। पुलिस ने ऐहतियात के तौर पर वाहनों की आवाजाही को रुकवा दिया। जिसे कुछ देर पश्चात सुचारू करवाया गया।

ये रहे मौजूद
नगरपरिषद की दो में से एक ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंच पाई। दूसरी गाड़ी आकल फांटा के पास ही अटक गई। बताया जाता है कि प्रशासन के अनुरोध पर जीएसएस पहुंची एयरफोर्स की दमकल ने फोम से आग बुझाने में कामयाबी हासिल की। मौके पर उपखंड अधिकारी विकास राजपुरोहित, पुलिस उपाधीक्षक गोपाललाल शर्मा, नगरपरिषद आयुक्त झब्बरसिंह चौहान, सदर थानाधिकारी कांतासिंह ढिल्लो और सदर थाना तथा यातायात पुलिस का जाब्ता व अन्य पहुंचे।

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.