Breaking News
recent

सीएम के राजपूत समाज से न मिलने के बाद समझाइश कर रहे मंत्री शेखावत का कथित ऑडियो हुआ वायरल, सुने!

अविनाश केवलिया/जोधपुर. राजस्थान गौरव यात्रा के ओसियां पहुंचने पर राजपूत समाज के लोगों से सीएम के नहीं मिलने पर आक्रोशित लोगों को समझाने के प्रयास का एक ऑडियो वायरल हुआ है। यह कथित ऑडियो केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री और जोधपुर सांसद गजेन्द्रसिंह शेखावत का बताया जा रहा है। जिसमें वे समाज के लोगों को सडक़ पर प्रदर्शन नहीं करने की सीख दे रहे हैं। हालांकि शेखावत ने ऐसे किसी भी ऑडियो से अनभिज्ञता जाहिर की है। इस कथित ऑडियो में वे मारवाड़ी में समाज के लोगों को समझा रहे हैं कि सडक़ पर किसी प्रकार का जाम या विरोध प्रदर्शन नहीं करें। इससे मुकदमे होंगे और हमें ही परेशानी होगी। वे समाज के लोगों से कह रहे हैं कि अपमान का बदला सडक़ पर ले सकते हैं क्या? आपकी भावना आहत हुई है, लेकिन लोकतंत्र में विरोध के और भी कई तरीके हैं।

उन्होंने कहा कि समाज के लोगों से मिलवाने के लिए कितने वरिष्ठ नेता सुबह से लगे हुए थे, मुख्यमंत्री ने हां भी भरी। धीरज से सोचकर काम करो। वे तो ओसियां से बावड़ी पहुंच गई, आप सडक़ पर नारे लगा रहे हो। इससे उनकी सेहत पर क्या फर्क पड़ेगा? फिर वे समाज के लोगों से सवाल कर रहे हैं, उनकी सेहत पर कब फर्क पड़ेगा...? फिर समाज के लोगों से आए जवाब पर वे बोले- यह बात मेरे मुंह से क्यों कहलवाना चाहते हो। ऑडियो में निर्दलीय विधायक हनुमान बेनीवाल का नाम लेकर उनसे तुलना नहीं करने की बात भी कह रहे हैं। उल्लेखनीय है कि समाज के लोगों में सीएम की ओर से की जा रही उपेक्षा के कारण रोष उपज रहा है।

मंत्री शेखावत का कहना है

ओसियां में विरोध जैसी कोई बात नहीं थी। मैं तो बातचीत करने गया था। मुझे किसी प्रकार के ऑडियो वायरल होने की जानकारी नहीं है। मेरे पास कोई ऑडियो नहीं आया है।


- गजेन्द्रसिंह शेखावत, केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.