Breaking News
recent

लोगों के हाथों में पहचान पत्र, लेकिन गायब हुए मतदाता सूची से नाम - उपखंड अधिकारी से की शिकायत

उदयपुर.

मतदाता सूची में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को कुछ केन्द्रों पर मतदाता अपना नाम खोजने बीएलओ के पास गए लेकिन उनका मतदाता सूची में नाम नहीं था जबकि उनके हाथों में आई कार्ड था। इसके अलावा एक से अधिक जगह पर मतदाता सूची में नाम जिनके अंकित है अब उन पर कार्रवाई की तैयारी निर्वाचन विभाग करने जा रहा है। अभियान के तहत 14 जगह पर बीएलओ पहुंचे भी नहीं, उनके खिलाफ भी अब कार्रवाई की जाएगी।

रविवार को मतदान केन्द्रों पर नाम जुड़ाने, हटाने व संशोधन कराने को लेकर उत्साह देखा गया। कई जगह तो मतदाता अपना नाम सूची में है या नहीं यह भी देखने गए है। उदयपुर ग्रामीण विधानसभा के भाग संख्या 117, 118 व 119 जिसका पटेल सर्कल स्थित राज्य बीमा एवं प्रवाधायी निधि विभाग के मतदान केन्द्र पर आईडी कार्ड लेकर अपना नाम देखने गई महिलाओं के नाम ही मतदाता सूची में नहीं थे।

उपखंड अधिकारी को भी फोन पर पूरी स्थिति से अवगत कराया
वार्ड 16 के मुस्तफा शेख ने बताया कि उस समय अन्य कई कार्डधारी मतदाताओं के नाम सूची में नहीं थे, वहां शिकायत दर्ज कराई की पिछली बार भी चुनाव में उनका नाम सूची में नहीं होने से वे मतदान नहीं कर सके। लोगों ने बताया कि बीएलओ के समक्ष उन्होंने विरोध जताया तो बीएलओ ने कहा कि उनका नाम कहीं दूसरी जगह अंकित होने की बात कहते हुए उनको कलक्टरी जाने की सलाह दी। बाद में लोगों ने गिर्वा के उपखंड अधिकारी को भी फोन पर पूरी स्थिति से अवगत कराया।

नाम जुड़ाने के 416 व हटाने के 610 फॉर्म आए
अभियान के दौरान पूरे जिले में नाम जुड़वाने के 416, नाम हटवाने के 610 एवं नाम शुद्धिकरण करवाने के 115 आवेदन प्राप्त हुए। जिले में 2243 के मुकाबले 14 बीएलओ अनुपस्थित मिले जिनके खिलाफ निर्वाचन विभाग कार्रवाई करेगा। सम्भागीय आयुक्त भवानी सिंह देथा ने उदयपुर ग्रामीण, मावली विधानसभा के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया तो उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार एवं सुपरवाइजरों ने 120 से अधिक मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया।

जिनके एक से ज्यादा नाम उन पर मुकदमा
निर्वाचन विभाग को मतदाता सूचियों में बड़ी संख्या में एक से अधिक जगह नाम होने की शिकायतें मिली हैं। विभाग ने इसे बहुत गम्भीरता से लेते हुए ऐसे लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करवाने के निर्देश दिए है, जिला प्रशासन ने दोहरे नामों वाले लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने को कहा और ये अपील भी की है कि जिनके नाम मतदाता सूची में एक से अधिक जगह दर्ज है, वे तुरन्त एक जगह से अपना नाम हटवा लें।





Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.