Breaking News
recent

भगवतगढ़ बालिका स्कूल का भवन जर्जर, डर के साये में पढ़ रही है बालिकाएं

भगवतगढ़. बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के सरकार के दावों की पोल कस्बे में स्थित राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय खोल रहा है। सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं में बालिकाओं पर करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन बालिका विद्यालय की दशा सुधारने का कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। कस्बे में स्थित राजकीय बालिका माध्यमिक स्कूल के भवन की हालात जर्जर हो रही है। बालिकाएं डर के साये में जीर्ण-शीर्ण एवं टूटे-फूटे कक्षा कक्षों में पढऩे को मजबूर हैं। प्रधानाध्यापिका आभा सोनी ने बताया कि उन्होंने जून माह में ही इस विद्यालय में ज्वॉइन किया है।

विद्यालय की भवन को देखकर उन्हें भी डर लगता है कि कहीं बच्चों के साथ कोई हादसा नहीं हो जाए। उन्होंने बताया कि विद्यालय में ऑफिस सहित सभी कक्षा-कक्षों की छत बरसात में टपकती है। कमरों में पानी भर जाता है। बच्चियों के बैठने के लिए जगह नहीं रहती है, जिसके कारण कई बार मजबूरी में उनकी छुट्टी भी करनी पड़ती है। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि उन्होंने स्कूल भवन की जीर्ण-शीर्ण अवस्था के बारे में विभागीय अधिकारियों को भी अवगत करा दिया है। उन्होंने बताया कि भवन की मरम्मत के लिए जिला कलक्टर एवं रमसा एडीपीसी को भी लिखा है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

कक्षाएं दस, कमरे मात्र छह
प्रधानाध्यापिका एवं स्टाफ सदस्यों ने बताया कि विद्यालय की दस कक्षाओं को बिठाने के लिए मात्र छह कमरे हैं। इनमें भी एक कमरा ऑफिस एवं एक कमरा अन्य कार्यों के उपयोग में आ रहा है। शेष चार कमरों एवं बरामदों में बिठाकर बच्चियों को शिक्षण कराया जाता है। इन कमरों की हालात भी ऐसी है कि दीवारों पर प्लास्टर नहीं है। छतों से चूने-सीमेंट गिरते रहते है। कमरों में बिजली की वायरिंग खुली है। बरसात में दीवारें गीली होने से दीवारों में करंट दौड़ता है।

लगातार घट रहा नामांकन
पिछले कई वर्षों से स्कूल की स्थिति ठीक नहीं रहने से अभिभावकों का रुझान भी इस स्कूल के प्रति कम होता गया। जिसका असर सीधा नामांकन पर पड़ा है। पिछले कुछ वर्षों से विद्यालय का नामांकन घट रहा है।

जन प्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों की उदासीनता
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने भी कई बार जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों से स्कूल भवन की मरम्मत को लेकर लिखित एवं मौखिक रूप से गुहार की, लेकिन कोई ठोस प्रयास नहीं हुए। जिला परिषद सदस्य सुनीता तिलकर एवं भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दिनेश तिलकर भी कई बार सांसद एवं विभागीय अधिकारियों को इस बारे में लिख चुके है। भाजपा ग्रामीण मंडल महामंत्री राजेन्द्र सिंह गोहि , भाजपा आईटी सेल मंडल अध्यक्ष मोहनलाल शर्मा आदि ने बताया कि स्कूल भवन की मरम्मत के लिए शीघ्र ही ग्रामीणों का एक शिष्टमंडल संसदीय सचिव जितेंन्द्र गोठवाल से मिलेगा तथा उनसे स्कूल भवन की मरम्मत के लिए सरकार की ओर से राशि जारी करवाने के लिए आग्रह किया जाएगा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.