Breaking News
recent

भाजपा का अंदरुनी विवाद पहुंचा जिला प्रमुख की कुर्सी तक, आखिर क्या था राज जानने के लिए खबर पर क्लिक करें...

सिरोही. भाजपा के अंदरुनी विवाद ने अब जिला प्रमुख की कुर्सी को संकट में डाल दिया है। सत्ताधारी भाजपा के छह जिला परिषद सदस्यों ने कांग्रेस के एक सदस्य के साथ मिलकर शुक्रवार को जिला प्रमुख पायल परसरामपुरिया केे खिलाफ मुख्य कार्यकारी अधिकारी शुभम चौधरी के समक्ष पेश होकर अविश्वास प्रस्ताव के लिए नोटिस दिया है। गौरतलब है कि जिला प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सदस्यों की बाड़ाबंदी करने की लम्बे समय से सुगबुगहाट चल रही थी लेकिन अब अविश्वास प्रस्ताव पेश होने से भाजपा की अंदरुनी कलह उजागर हो गई है।

कुछ दिन पूर्व हुई थी बाड़ेबंदी!
दरअसल, अविश्वास प्रस्ताव को लेकर पिछले कुछ दिनों से चर्चाचल रही थी। 29 जुलाई की रात जिला परिषद के कुछ सदस्य घर पर नहीं मिलने पर अविश्वास प्रस्ताव की चर्चा को हवा मिली थी। इसमें 12 सदस्यों की बाड़ेबंदी की बात कही गई थी। इनमें भाजपा के 8 और कांग्रेस के 4 सदस्य शामिल बताए लेकिन इसके बाद कुछ दिन तक मामला शांत रहा। अब अविश्वास प्रस्ताव पेश होने से जिला प्रमुख की कुर्सीपर खतरा मंडराने लगा है।

ये है सीटों का गणित
जिला परिषद में 21 सीट हंै। 15 सीट पर भाजपा का कब्जा है। वहीं 6 सीट पर कांग्रेस काबिज है। अब भाजपा के ही 6 सदस्यों ने कांग्रेस के एक सदस्य को साथ लेकर अविश्वास प्रस्ताव पेश कर दिया है। नियमानुसार अविश्वास प्रस्ताव के लिए एक तिहाईसदस्यों की जरूरत होती है। ऐसे में 21 सदस्यीय जिला परिषद बोर्ड में अविश्वास के लिए 7 सदस्यों का प्रस्ताव चाहिए।

पहली बार मिली थी प्रमुख की सीट
जिला परिषद चुनाव में सिरोही जिले में पहली बार भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला था। वार्ड -10 से विजयी पायल परसरामपुरिया को जिला प्रमुख चुना गया था लेकिन इनके पांच साल का कार्यकाल पूरा करने से पहले ही अविश्वास प्रस्ताव पेश हो गया।

अब आगे क्या
अब अविश्वास प्रस्ताव पर प्रशासन की ओर से निर्धारित तिथि को वोटिंग करवाई जाएगी।

...और सदस्य हो गए भूमिगत
सूत्र बताते हैं कि अविश्वास प्रस्ताव पेश होते ही अधिकांश सदस्य भूमिगत हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इनमें भाजपा के 12 और कांग्रेस के 4 सदस्यों की बाड़ेबंदी कर दी गई है। इनको सिरोही जिले से बाहर ले जाया गया है। यह भी बताया जा रहा है कि इन सदस्यों के मोबाइल फोन भी बंद हैं।

गौरव यात्रा से पहले बाहर आई कलह
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे इसी महीने राजस्थान गौरव यात्रा के तहत जिले के दौरे पर आने वाली हैं। दौरे से पहले ही भाजपा की आपसी कलह खुलकर बाहर आ गई।

इन्होंने किया नोटिस पेश
कुलदीपङ्क्षसह देवड़ा, उर्मिला देवी, नर्मदा कुमारी कोली, धनाराम गमेती, लीला गरासिया, संतोष मीणा और पुष्कर लाल गरासिया।

राज्यमंत्री और प्रमुख दिनभर थे साथ
राज्यमंत्री ओटाराम देवासी और जिला प्रमुख शुक्रवार को दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में साथ रहे। वहीं दूसरी तरफ जिला परिषद के सात सदस्यों ने सीईओ के समक्ष पेश होकर अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए नोटिस प्रस्ताव पेश कर दिया।

इनका कहना है....
जिला प्रमुख के खिलाफ 7 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिया है।
शुभम चौधरी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद, सिरोही

हां, हमने जिला प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है।
-कुलदीपसिंह देवड़ा, जिला परिषद सदस्य

यहां सब बड़े नेता मिले हुए हैं, बस आप सपोर्ट करना...
जिला प्रमुख पति और एक सदस्य के पति के बीच बातचीत का ऑडियो वायरल
सिरोही. जिला प्रमुख के पति और जिला परिषद सदस्य के पति के बीच वार्ता का कथित ऑडियो वायरल हुआ है। ऑडियो में जिला प्रमुख के पति सामने वाले व्यक्ति को फोन पर हिदायत दे रहे हैं कि आप अहमदाबाद में ही रहना। यहां मत आना। उन्होंने तो पूरी प्लानिंग कर दी थी। उनको जयपुर लेकर गए थे लेकिन दो जने वहां से भाग कर आ गए। यहां सब बड़े नेता मिले हुए हैं। बस आप थोड़ा सपोर्ट करना। वैसे तो अपन अभी सुरक्षित हैं।

जिला प्रमुख पति: हैलो... अपन यह चाहते हैं कि आप अहमदाबाद ही रहना। यहां नहीं आना।
सदस्य पति : अभी नहीं आएगी सर...अभी हम नहीं आने वाले।
जिला प्रमुख पति: आपको वो लोग फोन-वोन तो नहीं कर रहे
सदस्य पति : फोन-वोन कर रहे हैं लेकिन मैं रिसीव नहीं कर रहा। आपसे भी कॉन्टैक्ट नहीं है। चार महीने से आपने भी फोन नहीं किया।
जिला प्रमुख पति: वो उनको जयपुर ले गए थे और पूरी प्लानिंग की थी लेकिन वहां से दो जने भाग कर आ गए। सारे बड़े नेता लगे हुए हैं एक तरफा। अभी तक सेफ तो हैं अपन।
सदस्य पति : तो बढिय़ा है सर
जिला प्रमुख पति: मैं चाहता हूं कि आप लोग आबूरोड मत आओ। सपोर्ट चाहिए आपका।
सदस्य पति : आप कहो तो में रिजाइन भिजवा दूं यार।
जिला प्रमुख पति: मैं चाहता हूं कि आप वहीं रहो। आबूरोड मत आना और वो कागज पर साइन-वाइन करवाए तो मत करना।
सदस्य पति : ठीक है नहीं आएंगे सर। पर गांव से लोगों के फोन आते हैं, उनके काम नहीं हुए। लोगों से वादा किया था लेकिन अब काम नहीं हो रहे। पापा दिनभर गांव वालों के लिए काम के लिए दौड़ते हैं लेकिन कोई काम नहीं हो रहा।
जिला प्रमुख पति: आप बाबूजी के नम्बर भेजना। मैं कल सुबह बात करता हूं उनसे।

नहीं हो पाया सम्पर्क
इधर, ऑडियो के सम्बंध में जानकारी चाहने को लेकर जिला प्रमुख के पति अरूण परसरामपुरिया से सम्पर्क करने का प्रयास किया गया। इसको लेकर उनके मोबाइल पर कॉल किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.