बीकानेर. नालों की सफाई के लिए इंदिरा गांधी नहर परियोजना विभाग से किराये पर ली गई पॉकलेन मशीन से काम ही नहीं किया जा रहा है। इस मशीन से पीबीएम अस्पताल से रानीबाजार आेवरब्रिज तक नाले से कचरा व सिल्ट निकाली जानी थी, लेकिन यह मशीन यातायात थाने के पास खड़ी है।
वहीं इसी मशीन से निकाला गया कीचड़ और कचरा सड़क पर पड़ा है। निगम इसे उठाने की व्यवस्था भी नहीं कर रहा है। बताया जा रहा है कि नाले के ऊपर बिजली के तार होने से इस मशीन से काम नहीं हो पा रहा है। वहीं पीबीएम अस्पताल परिसर से निकल रहे नाले की सफाई दीवार के कारण नहीं हो रही है।
पार्षद आदर्श ने बताया कि निगम पॉकलेन मशीन के साथ डम्पर की व्यवस्था कचरा उठाने के लिए नहीं कर पा रहा है। वहीं मशीन उपलब्ध होने के बावजूद नालों की सफाई नहीं करवाई जा रही है। निगम आयुक्त प्रदीप के गवांडे ने बताया कि मशीन से नाले की सफाई की गई और कचरा भी निकाला गया। अब नाले के ऊपर तार होने के कारण इससे सफाई संभव नहीं हो पा रही है। पीबीएम की दीवार के कारण नाले की सफाई का काम अटका हुआ है। उन्होंने बताया कि पॉकलेन से निकाले गए कचरे को रविवार तक उठवाया जाएगा।
और बारिश होने से पहले हो नालों की सफाई- भाटी
बीकानेर. भाजपा के वरिष्ठ नेता देवीसिंह भाटी ने और बारिश होने से पहले शहर के नालों की सफाई करवाने के लिए स्वायत्त शासन मंत्री को पत्र लिखा है। भाटी ने लिखा है कि शहर के सूरसागर क्षेत्र, गिन्नाणी, रानीसर तथा इसके आस-पास नालों की नियमित सफाई नहीं होने से थोड़ी सी बारिश में ही शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने जिला प्रशासन और निगम प्रशासन के अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप लगाया है। भाटी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के बावजूद जिला प्रशासन सतर्क नहीं हुआ है। नालों के पास हटाए गए अतिक्रमण का मलबा अभी वहीं पड़ा है।
सोफरा गठन के आदेश : देवी सिंह भाटी की मांग पर राज्य सरकार ने ग्राम सेवा सहकारी समिति सेवड़ा सोफरा का गठन करने के आदेश जारी किए हैं। भाटी ने इस संबंध में सहकारिता मंत्री व रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां को पत्र लिखा था।





No comments:
Post a Comment