Breaking News
recent

बोर्ड की बैठक में पार्षदों का हंगामा...आखिर क्या हुआ पढ़ें यह खबर

नैनवां. नगरपालिका बोर्ड की बैठक काफी हंगामेदार रही। पार्षदों ने पहले कस्बे की सडक़ों की खराब स्थिति, सफाई व्यवस्था चौपट होने व पालिका की भूमि पर प्रभावशाली लोगों के अतिक्रमणों की अनदेखी का पालिका प्रशासन पर आरोप लगाकर हंगामा किया।

 

उसके बाद कॉलेज को सरकारी करने का मामला भी गर्मा गया। कॉलेज को सरकारी करने में हो रही देरी को लेकर कांग्रेस व भाजपा पार्षदों के बीच हुई बहस भी हंगामे में बदल गई। उसके बाद सर्वसम्मति से कॉलेज को सरकारी करने का प्रस्ताव पारित किया गया।


सडक़ों की दशा सुधारो, सफाई भी कराओ


दोपहर दो बजे पालिकाध्यक्ष मधुकंवर की अध्यक्षता में बैठक शुरू होते ही दोनों ही दलों के पार्षदों ने कस्बे की सडक़ों का मामला उठाते हुए पालिका प्रशासन से सडक़ों की मरम्मत कराने की मांग रखी।

 

पालिका उपाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह, पार्षद रजनीश शर्मा, अमजद खान, महेश गुर्जर, नरेन्द्र निर्मल, रमेश चौधरी, सेाहनलाल वर्मा, हेमराज गुर्जर, नबील अंसारी, सोना जैन, अक्षिता मोडिका, शहनाज बानो, वर्षा ओसवाल, राधे मारवाड़ा ने कहा कि कस्बे की सडक़ों की स्थिति खराब पड़ी होने के बाद भी पालिका प्रशासन उनकी सुध नहीं ले रहा।

 

दोनों दलों के पार्षद पालिका प्रशासन पर बरसने लगे तो अधिशासी अधिकारी जितेन्द्र मीणा ने कहा कि सडक़ों की मरम्मत व नई सडक़ों के निर्माण के लिए टेण्डर हो चुके हैं शीघ्र ही कार्य शुरू हो जाएगा। उसके बाद पार्षद शांत हो पाए। उपाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह ने कस्बे के रियासतकालीन कुण्डों की सफाई कराने की मांग रखी।


पालिका की भूमि अतिक्रमण मुक्त हो


पार्षद अमजद खान, रजनीश शर्मा सहित अन्य ने पालिका भूमि पर हो रहे अतिक्रमणों का मामला उठाते हुए कहा कि पालिका की बेशकीमती भूमि पर प्रभावशाली लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है, उसके बाद भी पालिका प्रशासन अनदेखी कर रहा है। पार्षद महेश गुर्जर ने वार्ड दो के झोपड़ों में पचास वर्ष से बने मकानों के पट्टे जारी करने की मांग की।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.