रक्तिम तिवारी/अजमेर।
महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में कार्यवाहक कुलपति की नियुक्ति में विलम्ब जारी है। राजस्थान विश्वविद्यालय के कुलपति की मनाही के बाद राजभवन ने मुख्यमंत्री कार्यालय को फिर से फाइल भेजी है। सरकार के नया नाम भेजने के बाद ही राजभवन कोई फैसला लेगा।
विश्वविद्यालय में बीती 21 जुलाई को प्रो. विजय श्रीमाली का देहान्त होने से कुलपति पद रिक्त है। नियमानुसार किसी भी विश्वविद्यालय में स्थाई कुलपति का पद रिक्त होने पर प्रदेश के किसी भी दूसरे विश्वविद्यालय के कुलपति को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी जाती है। लेकिन 13 दिन से मुख्यमंत्री कार्यालय और राजभवन महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के लिए कार्यवाहक कुलपति नहीं तलाश पाए हैं।
प्रो. कोठारी ने किया इन्कार
मुख्यमंत्री सचिवालय ने हाल में राजस्थान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आर. के. कोठारी को महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय का अतिरिक्त प्रभार देने के लिए राजभवन फाइल भेजी। इस दौरान प्रो. कोठारी ने राजभवन को अपने स्वास्थ्य और जगतगुरु रामानन्दाचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय का अतिरिक्त प्रभार होने का तर्क देकर असमर्थता जताई।
राजभवन ने फिर भेजी फाइल
प्रो. कोठारी के इन्कार करने से राजभवन के पास भी कोई विकल्प नहीं रहा। ऐसे में राजभवन ने फिर से मुख्यमंत्री कार्यालय को फाइल भेजी है। राजभवन ने कार्यवाहक कुलपति के लिए नया नाम भेजने को कहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय से नाम मिलने और सहमति बनने के बाद ही राजभवन नियुक्ति आदेश जारी करेगा।
इनके नाम हैं चर्चा में
कार्यवाहक कुलपति को लेकर कुछ नाम चर्चा में है। इनमें बांसवाड़ा के गोविंद गुरू जनजातीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. कैलाश सोडाणी, उदयपुर के एम.एल. सुखाडिय़ा विवि के कुलपति प्रो. जे. पी. शर्मा, श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय जोबनेर के कुलपति प्रो. पी. एस. राठौड़,राजऋषि भृतहरी मत्स्य विवि अलवर के कुलपति डॉ. भरत सिंह, महाराजा सूरजमल बृज विवि भरतपुर के कुलपति प्रो. ए. के. बंसल और अन्य शामिल हैं।
जयपुर में 327 जैसलमेर और बारां में 9-9 केंद्र
राजस्थान लोक सेवा आयोग में आरएएस प्रारंभिक परीक्षा-2018 की तैयारियां जारी हैं। आयोग ने परीक्षा केंद्रों पर सामग्री पहुंचाना शुरू कर दिया है। जयपुर जिले में सबसे ज्यादा 327 केंद्रों पर परीक्षा होगी। जबकि जैसलमेर और बारां जिले में 9-9 केंद्रों पर अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
राज्य में 5 अगस्त को सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी (प्रारंभिक) परीक्षा-2018 होनी है। प्रदेश में 1454 केंद्र बनाए गए हैं। आयोग प्रवेश पत्र अपलोड करने के अलावा जिलों से आए नोडल अधिकारियों को परीक्षा सामग्री सौंप चुका है। परीक्षा के लिए 5.10 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। प्रशासनिक एवं अधीनस्थ सेवाओं के करीब 1017 पद के लिए परीक्षा होगी।
अगस्त या सितम्बर में परिणाम...
आयोग के अधिकृत सूत्रों के अनुसार आरएएस प्रारंभिक परीक्षा-2018 का परिणाम आयोग जल्द जारी करेगा। संभवत: अगस्त के दूसरे पखवाड़े या सितम्बर में नतीजा निकाला जाएगा। 5 अगस्त को परीक्षा होने के बाद स्कैनर पर उत्तर पुस्तिका की जांच शुरू हो जाएगी। चेकिंग पूरी होने के बाद परिणाम का तकनीकी विश्लेषण होगा। गोपनीय जांच पूरी होने और अध्यक्ष एवं फुल कमीशन की हरी झंडी मिलने पर इसकी घोषणा होगी।
मुख्य परीक्षा की तैयारी भी शुरू
आयोग ने आरएएस मुख्य परीक्षा-2018 की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। विषयवार विशेषज्ञों से पेपर बनवाने का काम जल्द शुरू होगा। आयोग सितम्बर तक यह काम पूरा करना चाहता है। आरएएस प्रारंभिक परीक्षा-2018 का परिणाम जारी होने के बाद 30 या 60 दिन में मुख्य परीक्षा कराई जा सकती है। हालांकि इसका अधिकृत फैसला अध्यक्ष दीपक उप्रेती ही करेंगे।
जिलेवार परीक्षा केंद्र (आयोग के अनुसार)
अजमेर-111, अलवर-93, बांसवाड़ा-29, बारां-9, बाडमेर-30, भरतपुर-58, भीलवाड़ा-18, बीकानेर-50, बूंदी-10, चित्तौडगढ़़-12, चूरू-27, दौसा-41, धौलपुर-17, डूंगरपुर-18, सिरोही-18, श्रीगंगानगर-29, टोंक-17, उदयपुर-104, सीकर-64, सवाईमाधोपुर-15, हनुमानगढ़-33, जयपुर-327, जैसलमेर-9, जालौर-20, झालावाड़-12, झुंझुनूं-39, जोधपुर-97, करौली-14, कोटा-68, नागौर-24, पाली-20, प्रतापगढ़-11, राजसमंद-10





No comments:
Post a Comment