Breaking News
recent

एशियाई खेल (शॉट पुट) : तेजेन्दर ने एशियाई रिकार्ड के साथ जीता स्वर्ण

नई दिल्ली । भारत के तेजेन्दरपाल सिंह तूर ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 18वें एशियाई खेलों के सातवें दिन शनिवार को शॉट पुट स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया। तूर ने एशियाई रिकार्ड के साथ पहला स्थान हासिल किया। तेजेंदर ने 20.75 मीटर के साथ भारत का परचम लहराया। भारत का इस एशियाई खेलों में यह सातवां स्वर्ण पदक है।

भारतीय नौ सेना में कार्यरत
23 साल के तेजेन्दर ने पहले प्रयास में 19.96, दूसरे प्रयास में 19.15 मीटर का थ्रो किया। हालांकि तीसरा प्रयास उनका फाउल रहा। लेकिन उन्होंने चौथे प्रयास में 19.96 और पांचवें प्रयास में 20.75 का रिकॉर्ड थ्रो किया।भारतीय नौ सेना में काम करने वाले पंजाब के तेजेन्दरपाल ने पिछले साल एशियाई चैम्पियनशिप में रजत पदक जीता था। वह गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में हालांकि निराशाजनक तौर पर आठवें स्थान पर रहे थे।

10 हजार मीटर में भारतीय महिलाओं ने किया निराश
एशियाई खेलों के 18वें संस्करण के सातवें दिन शनिवार को महिलाओं की 10 हजार मीटर स्पर्धा में भारत को निराशा हाथ लगी। भारत की सूर्या लोगानाथन इस स्पर्धा के फाइनल में छठे स्थान पर रहीं जबकि संजीवनी बाबूराव जाधव को नौवां स्थान मिला।सूर्या ने 32.42.08 मिनट समय निकाला जबकि संजीवनी ने 33.13.06 मिनट में रेस पूरी की।किर्गिस्तान की डारिया मास्लोवा ने 32.07.23 मिनट के साथ स्वर्ण जीता जबकि बहरीन की युनिस चुम्बा ने 32.11.12 मिनट के साथ रजत जीता। चीन की डेसहुन झांग ने 32.12.78 मिनट के साथ कांसा अपने नाम किया।

सेमीफाइनल में पहुंची दुती चंद
भारत की महिला धावक दुती चंद ने यहां जारी 18वें एशियाई खेलों में 100 मीटर स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। दुती ने शनिवार को जीबीके मेन स्टेडियम में हीट-2 में लेन नंबर-4 से शानदार शुरुआत की और 11.38 सेकेंड का समय निकालते हुए पहला स्थान हासिल किया। कजाकिस्तान की आल्गा साफरोनोवा दूसरे और उज्बेकिस्तान की निगिना शारिपोवा तीसरे पायादन पर रही। साफरोनोवा ने 11.46 सेकेंड में रेस पूरी की जबकि उज्बेकिस्तान की खिलाड़ी ने 11.59 सेकेंड का समय निकालते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.