Breaking News
recent

भरभरा कर गिरा दो मंजिला पक्का मकान, मलबे में गिरा वृद्ध गंभीर घायल

रोटेदा/ बूंदी। कस्बे के वार्ड तीन के रामदेव जी मन्दिर मोहल्ले में गुरुवार सुबह करीब 9 बजे दो मंजिला पक्का मकान ढह गया। हालांकि गनीमत रही कि उस वक्त मकान में कोई मौजूद नहीं था। मोहल्ले वासियों ने बताया कि जिस वक्त मकान ढहा उस समय मकान मालिक एवं उसकी पुत्री बाहर बैठे हुए थे। जैसे ही अंदर से मकान ढहने की आवाज आई, वे तो अंदर गए। इस दौरान 70 साल के बुजुर्ग मकान मालिक रामनारायण मेहर को मिट्टी के गुबार में कुछ नजर नहीं आया और वे दूसरी मंजिल से मलबे में जा गिरे। इससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

सूचना पर 108 मौके पर पहुंची
मोहल्लेवासियों की सूचना पर 108 मौके पर पहुंची। इसके बाद घायल को कापरेन सीएचसी लाया गया। जहां से चिकित्सकों ने कोटा रैफर कर दिया।


पुत्री के साथ रहता था रामनारायण
मोहल्ले वासियों ने बताया कि रामनारायण के एक पुत्र है, जो कोटा में ठेकेदारी का कार्य करता है। इसके साथ ही वो पंचायत में वार्ड पंच भी है। मकान में पुत्री द्रोपदी व रामनारायण ही रहते थे।


बेकाबू डम्पर की टक्कर से पेड़ धराशायी
वहीं दूसरी ओर बूंदी के गेण्डोली बस स्टैण्ड पर मंगलवार दोपहर एक बेकाबू डम्पर की टक्कर से विशालकाय नीम का पेड़ टूटकर धराशायी हो गया। डम्पर की चपेट में आने से बाइक टूटकर चकनाचूर हो गई। घटना की वजह से गेण्डोली-झालीजी का बराना मार्ग अवरूद्ध हो गया, जिसे पुलिस ने दो घंटे की मशक्कत के बाद बहाल करवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार झालीजी का बराना की ओर से बजरी भरकर आ रहे डम्पर ने नीम के पेड़ के टक्कर मार दी, जिससे पेड़ धराशायी हो गया। हादसे में सड़क के किनारे खडी डोलर निवासी महेन्द्र कहार की बाइक भी चकनाचूर हो गई। घटना के बाद डम्पर चालक मौके से भाग निकला। घटना की सूचना सरपंच मदन गुर्जर ने गेण्डोली पुलिस को दी। हैड कांस्टेबल भैरूलाल ने मौके पर आकर जेसीबी की मदद से टूटे पेड़ की टहनियों, दुर्घटनाग्रस्त डम्पर व बाइक को हटवाकर मार्ग बहाल कराया।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.