सिरोही. किसानों को अब पौधारोपण करने पर अनुदान मिलेगा। कृषि वानिकी सब मिशन योजना का लाभ खेत की सीमा (मेड) पर पौधारोपण करने पर मिलेगा। कृषि में जोखिम को देखते हुए केन्द्र सरकार ने राष्ट्रीय कृषि वानिकी नीति बनाई है, जिसका मुख्य उद््देश्य संगठित रूप से विकास करना है। योजना से किसान पशुपालन व खेती के साथ ही पौधारोपण कर आय बढ़ा सकेंगे। इसका मुख्य उद््देश्य वृक्ष आच्छादित कर कार्बन उत्सर्जन कम करना है।
ये होगी प्रक्रिया
अनुदान लेने के लिए किसान को कम से कम 50 पौधे लगाने होंगे। एक पौधे की लागत 70 रुपए मानी है। किसान को पौधे लगाकर रखरखाव करना होगा। इसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन करेगी। इसके बाद अनुदान दिया जाएगा। इन पौधों की एवज में किसान को चार साल में किस्तों में 1400 रुपए का अनुदान मिलेगा।
पौधे का प्रकार
आम, जामुन, गुंदा, बिल्व पत्र, लसोड़ा, अमरूद, शहतूत, अनार, आंवला, इमली, नींबू, करोंदा, बेर, बड़, पीपल, सैंजना, नीम, करंज, सिरस, कदम्ब, अर्जुन, शीशम, बबूल, रोहिड़ा, सिरसा, सागवान, बांस, पॉपलर, देशी बबूल, खेजड़ी, अरडू समेत अन्य फलदार व फूलदार पौधे लगा सकते हैं।
ऑनलाइन करना होगा आवेदन
किसानों को योजना में अनुदान के लिए ऑनलाइन आवदेन करना होगा। उन्हें इ-मित्र पर जाकर योजना में शामिल होने के लिए आवश्यक दस्तावेज देने होंगे। इसमें जमाबंदी, खसरा नंबर, भामाशाह कार्ड, आधार कार्ड, सिंचाई का स्रोत, मृदा परीक्षण व बचत खाते की कॉपी के साथ आवेदन करना होगा।
किसान अपने खेत या बगीचे में योजना के तहत किसी भी तरह के पौधे लगा सकता है। इस पर अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए किसान को ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
- जगदीशचन्द्र मेघवंशी, उपनिदेशक, कृषि विभाग, सिरोही
सीएम भेज रहीं बधाई संदेश
सिरोही. चुनावी साल में लोगों को लुभाने के लिए भाजपा सरकार तरह-तरह के जतन कर रही है। शिक्षक भर्तियां निकालने के बाद अब नई पीढ़ी को पक्ष में करने का प्रयास किया जा रहा है। शिक्षा विभाग में बेटियों को स्कूटी, लेपटॉप व अन्य पुरस्कार देने के बाद प्रदेश की अव्वल बालिकाओं को बधाई पत्र देना शुरू किया है। चिकित्सा विभाग में भी मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने खुद के फोटोयुक्त बधाई संदेश भेजे हैं।
सीएमएचओ डॉ. सुशील कुमार परमार ने बताया कि चिकित्सा विभाग के राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से लाभान्वितों व उनके परिजनों को मुख्यमंत्री की तरफ से बधाई संदेश वितरित किए जा रहे हैं। शुक्रवार से टीमें बच्चों को घर घर जाकर बधाई संदेश दे रही हैं।
बालिकाओं के लिए भी संदेश
जिले में शिक्षा विभाग में भी बधाई पत्र आए थे जो अव्वल रहने वाली बालिकाओं को देने थे लेकिन उच्च अधिकारियों के निर्देश के बाद ही भेजा जाएगा।





No comments:
Post a Comment