शिवगंज. थाना क्षेत्र के आल्पा में झाडिय़ों में मिले युवक के शव के मामले में रविवार सवेरे नया मोड़ आ गया। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को घर लेकर गए परिजन दूसरे दिन रविवार को फिर से शव लेकर चिकित्सालय पहुंच गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि युवक की हत्या कर शव झाडिय़ों में फैंका गया था। जबकि, पुलिस ने शनिवार को आनन-फानन में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया था।
गौरतलब है कि आल्पा गांव में लकडिय़ां लेने के लिए जंगल में गए रमेश कुमार वाल्मीकि (३५) का शव २५ अगस्त को सवेरे चामुंड़ा माता मंदिर के सामने बबूल की झाडिय़ों में मिला था। पुलिस ने प्रारम्भिक तौर पर किसी जहरीले जीव के काटने से युवक की मौत होना मानते हुए पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया था। इसके बाद परिजन शव लेकर घर पहुंच गए और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। इस दौरान शरीर पर चोट के निशान मिले। वहीं एक आंख पर भी गंभीर चोट थी। जिस पर परिजनों को हत्या किए जाने का संदेह हुआ।
पूर्व विधायक से
किया संपर्क
हत्या का अंदेशा होने पर परिजन पूर्व विधायक संयम लोढा के शिवगंज स्थित आवास पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी दी। मृतक के परिजनों की बातों को सुनने के बाद पूर्व विधायक ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने की सलाह दी। जिस पर परिजन रविवार सवेरे शव लेकर शिवगंज चिकित्सालय
पहुंच गए।
हरकत में आई पुलिस
शव को फिर से अस्पताल लाने की जानकारी मिलने पर कार्यवाहक थाना प्रभारी कमला मय जाप्ता मौके पर पहुंची। मृतक के परिजनों से बात की। जिस पर परिजनों ने हत्या का अंदेशा जताते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने, एफएसएल टीम को मौके पर बुलवाने, मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक से करवाने की मांग रखी। सूचना मिलने पर डीएसपी गोपाल रामावत शिवगंज पहुंचे तथा बोर्ड गठित कर फिर से पोस्टमार्टम करवाया।
शाम को सुलझा मामला
बोर्ड से पोस्टमार्टम होने तथा परिजनों की ओर से दी गई रिपोर्ट पर पुलिस की ओर से हत्या का मामला दर्ज किए जाने, एफएसएल टीम को बुलवाने और मामले की जांच पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी से करवाए जाने पर सहमति बनी। इसके बाद परिजन शव उठाने को तैयार हुए।
इनके खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज
पुलिस ने मृतक के पिता भाणाराम की रिपोर्ट पर पुलिस ने नया जोगापुरा निवासी रूपाराम कुम्हार, श्रवणसिंह तथा उसकी पत्नी के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। जिसमें अवैध सम्बंध की वजह से हत्या करने की आशंका जताई है।





No comments:
Post a Comment