Breaking News
recent

दो रुपए की सीटी ने बचा दी लाखों की लूट

 

कोटा. अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। रविवार रात को भामाशाह मंडी इलाके में एक व्यापारी लुटेरों के निशाने पर था, लेकिन व्यापारी के साहस के आगे लुटेरों के पैर उखड़ गए।
भामाशाह मण्डी मैन रोड पर गोयल एजेन्सी के मालिक शिव कुमार गोयल ने बताया कि रविवार रात 8 बजे करीब वे अपने पुत्र विकास गोयल के साथ अपनी दुकान पर बैठे थे। बारिश आ रही थी और बिजली बन्द थी। तभी दो बाइक पर 20 से25 वर्ष आयु के 4 नकाबपोश आए। दो युवक दुकान पर आए, पिस्तौल तानी और काउन्टर से पैसा निकालने को कहा, इसी बीच विकास ने पिस्तौल पकड़कर घुमा दी। उन्होंने सीटी बजाते हुए टेबल पर रखे सामान दूसरे आरोपी पर फेंकने शुरू कर दिए। व्यापारी का अप्रत्याशित बर्ताव देख अपराधी चकरा गए। सीटी की आवाज से वे घबरा गए और डरकर इधर उधर देखने लगे। इस बीच एक आरोपी गिर गया। इससे उनमें घबराहट बढ़ गई, उन्होंने एक दूसरे को देखा और अपने साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर भाग गए। उन्होंने तुरंत अनन्तपुरा थाने को सूचना दी और रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना के वक्त व्यापारी के गल्ले में करीब 3 लाख रुपए थे।

सीसीटीवी में कैद हुए आरोपी

लूट का प्रयास करने वाले आरोपी व्यापारी के प्रतिष्ठान पर लगे कैमरों में कैद हो गए हैं। चारों आरोपियों ने मुंह पर नकाब बांध रखा था, सभी की आयु 20 से 25 वर्ष लग रही है। व्यापारियों ने पुलिस को फुटेज उपलब्ध करा दिए हैं।

व्यापारियों ने जताया विरोध

कोटा व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों व व्यापारियों ने सोमवार को भामाशाह मंडी गेट के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोपियों को जल्द पकडऩे की मांग की। भामाशाह मंडी मैन रोड व्यापार संघ के अध्यक्ष दीपेश जैन, महासचिव महावीर जैन, कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी समेत व्यापारियों का कहना था कि इस बड़ी घटना में दो व्यापारियों की जान भी जा सकती थी। शहर में एक माह में जितनी भी घटनाएं हुई हैं, पुलिस अभी तक एक भी घटना का पर्दाफाश नहीं कर पाई। बढ़ रहे अपराधों से व्यापारियों में भय एवं असुरक्षा का माहौल है। कानून व्यवस्था में सुधार नहीं होने की दशा में व्यापार महासंघ ने आंदोलन की चेतावनी दी है।


व्यापारी से लूट के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अमर सिंह राठौड़, थाना प्रभारी, अनंतपुरा, कोटा



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.