Breaking News
recent

तीन विधानसभा से गुजर रहा स्टेट हाइवे लम्बे समय से खस्ताहाल

संकरी सडक़ और खस्ताहाल से आवागमन में हो रही खासी परेशानी
प्रतापगढ़.जिले की एक ऐसी सडक़ जो तीन विधानसभा क्षेत्रों प्रतापगढ़, बड़ीसादड़ी और धरियावद से गुजर रही है, वर्ष 2014 में जिसे स्टेट हाइवे का दर्जा दिया गया था और जिससे होकर संभाग मुख्यालय उदयपुर आना-जाना पड़ता है। सडक़ के महत्व एवं इस पर बढ़ते यातायात को देखते हुए 28 जनवरी 2016 को राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त हुई। इस स्वीकृति को मिले लम्बा समय बीत चुका है लेकिन इसके बाद इसकी कोई सुध नहीं ली गई और अब तक इसकी प्रायोगिक स्वीकृति नहीं मिल पाई है।
नहीं हो पा रहा सुधार
एनएच के फेर में इस सडक़ पर पूर्ण सुधार नहीं हो पा रहा। विभाग की ओर से समय-समय पर मरम्मत कर इसमें सुधार कर किया जा रहा है जो पर्याप्त नहीं है और सडक़ को कई जगह से चौड़ा किया जाकर सडक़ नवीनीकरण किए जाने की महती आवश्यकता है। बावजूद इसके यह सडक़ लम्बे समय से खस्ताहाल है। जिसके चलते इस सडक़ पर आवागमन खासी परेशानी का सबब बना हुआ है।
तीन खंडों में विभाजित
सडक़ के महत्व और तीन विधानसभा क्षेत्रों में आने के कारण सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से तीन खंडों में विभाजित किया गया है। यह सडक़ विभाग के खंड प्रथम, खंड द्वितीय और धरियावद खंड के अंतर्गत आती है लेकिन इसका भी कोई फायदा नहीं हो रहा और सडक़ लम्बे समय से खस्ताहाल बनी हुई है।
26 किमी सडक़ 3 मीटर ही चौड़ी
धरियावद से मध्यप्रदेश सीमा तक सडक़ की कुल लम्बाई 62 किलोमीटर है। इस 62 किलोमीटर में पुंगा तालाब से प्रतापगढ़ की ओर 26 किलोमीटर में सडक़ की लम्बाई महज 3 मीटर ही है जबकि बाकी सडक़ की चौड़ाई 7 मीटर। इस सडक़ पर पिछले वर्षो में यातायात तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में सडक़ की चौड़ाई कम होने के कारण वाहनों को आवागमन में काफी परेशानी होती है वहीं सडक़ का खस्ताहाल कोढ़ में खाज का काम करता है।

एक किमी का फिर खस्ताहाल
शहर के दीनदयाय चौराहे से धरियावद की ओर एक किमी सडक़ लम्बे समय से खस्ताहाल है। मुख्यमंत्री के प्रतापगढ़ जिले में गौरव यात्रा निकालने और धरियावद से सडक़ मार्ग से प्रतापगढ़ आने को देखते हुए इसकी मरम्मत की गई लेकिन दो-तीन दिन की लगातार बारिश के बाद यह फिर से खस्ताहाल होने लगी है। मुख्यमंत्री तो यात्रा कर वापस गई। ऐसे में अब लगता है इस सडक़ में सुधार के लिए फिर से लम्बा इंतजार करना पड़ेगा।

........................
समय-समय पर मरम्मत
सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से समय-समय पर सडक़ की मरम्मत की जाती है। सडक़ में सुधार के लिए प्रस्ताव बनाकर भेज रखे हैं।
जी एल वर्मा, अधिशाषी अभियंता, प्रतापगढ़



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.