Breaking News
recent

दर्दनाक हादसा: ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी और पुत्री को कुचला

अलवर। शहर के सूर्यनगर मोड़ के समीप शनिवार दोपहर ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी और पुत्री को कुचल दिया। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना कर ट्रक चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन लोगों की मदद से पुलिस ने उसे दबोच लिया।

एनईबी थाना पुलिस ने बताया कि मालाखेड़ा के हल्दीना निवासी संतोष खण्डेलवाल (45) पुत्र रामेश्वर खण्डेलवाल शनिवार दोपहर अपनी पत्नी बबीता (43) और पुत्री महिमा (19) के साथ बाइक पर सवार होकर हल्दीना से सूर्यनगर स्थित अपने मकान पर आए। वहां से संतोष करीब पौने एक बजे पत्नी व बेटी सहित बाइक पर सवार होकर दाउदपुर में अपने रिश्तेदार के घर रामायण पाठ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना हुए।

रास्ते में सूर्यनगर मोड़ के समीप कम्बल फैक्ट्री के सामने पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मारते हुए तीनों को टायरों तले रौंद दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना होते ही ट्रक चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने सदर थाना पुलिस को सूचना दे दी।

पुलिस ने नाकाबंदी करा ट्रक चालक भरतपुर के कामां निवासी रुकुमुद्दीन को ट्रक सहित पकड़ लिया। सूचना मिलते ही एनईबी थानाधिकारी प्रेम बहादुर जाप्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक संतोष के भाई शिवदयाल की रिपोर्ट पर मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.