सवाईमाधोपुर. पंचायत राज्य मंत्री राजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बनास पुलिया पर गुर्जर समाज की ओर से गौरव यात्रा को रोकने के मामले में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि गुर्जर आरक्षण का मामला एक दो दिन में सुलझ जाएगा। वे सोमवार को सवाईमाधोपुर जिला मुख्यालय खासा कोठी स्थित विधायक दीयाकुमारी के कार्यालय पर संवाददाताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने सीएम की गौरव यात्रा की तैयारियों को लेकर की गई बैठक के बाद कहा कि बनास पुलिया पर गौरव यात्रा को नहीं रोका जाएगा।
इसके लिए सरकार की ओर से प्रयास जारी है। राठौड़ ने कहा कि इस संबंध में गुर्जर समाज से सरकार की वार्ता चल रही है। कर्नल किरोड़ी सिंह बैसला से बात भी की है। उनकी एक मांग है। एक प्रतिशत आरक्षण जब गुर्जर आरक्षण विधेयक को राजस्थान उच्च न्यायालय ने निरस्त किया था। उसके बाद उनसे हमारा समझौता हुआ था। कतिपय एक दो विभागों मेंआरक्षण के आधार पर नियुक्तियां नहीं हुईं। मैंने वार्ता कर ली है। मैं समझता हूं कि एक दो दिन में मामला सुलझ जाएगा।
तैयारियों का जायजा
पंचायत राज मंत्री राजेन्द्रसिंह राठौड़ ने सोमवार को मुख्यमंत्री की प्रस्तावित यात्रा का अधिकारियों से फीडबैक लिया। राठौड़ शाम चार बजे विधायक दीयाकुमारी के कार्यालय खासा कोठी पहुंचे। वहां उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से सीएम के यात्रा को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को शामिल होने का आह्वान किया। इस दौरान सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, विधायक दीयाकुमारी, यूआईटी चेयमैन जगदीश अग्रवाल, नगरपरिषद सभापति डॉ. विमला शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश जैन, भाजयुमो जिलाध्यक्ष सत्यनारायण धाकड़, प्रधान सूरजमल बैरवा व चौथकाबरवाड़ा प्रधान देवनारायण मीणा आदि मौजूद थे।
गंगापुरसिटी में सीएम एवं विधायक के खिलाफ विरोध जताया, भिड़े कार्यकर्ता, पुलिस ने किया बीच-बचाव
गंगापुरसिटी. यहां जयपुर बायपास विधायक मानसिंह के निवास के पास तिराहे पर सोमवार शाम कुछ युवकों ने सीएम की गंगापुरसिटी आने वाली गौरव यात्रा के विरोध में प्रदर्शन किया। युवकों के उत्पात मचाने व होर्डिंग व बैनरों को नुकसान पहुंचाने से खफा होकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें खदेड़ दिया। इससे दोनों पक्ष भिड़ गए।
पुलिस व प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम करीब साढ़े छह बजे कुछ युवक आए। उन्होंने गौरव यात्रा के विरोध में नारे लगाए। पास ही तिराहे पर लगे पोस्टर फाड़ कर आगजनी की। एकाएक हुए इस विरोधात्मक घटनाक्रम से आसपास के लोग भी अचंभित रह गए। सूचना पर सदर थाने से पहुंचे पुलिस जाप्ते ने मौके से दो युवकों को दबोच लिया। शेष आरोपित वहां से फरार होने में कामयाब हो गए।
पुलिस ने पकड़े युवकों को भी समझाकर एवं पाबंद कर छोड़ दिया। सदर थाने के एसआई कैदारनाथ ने बताया कि सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे सत्यप्रकाश उर्फ एसटी (21) निवासी बरियारा तथा पिंटू चेची (30) निवासी डिडवाना समेत 10-15 लोग सीएम की गौरव यात्रा के विरोध में बायपास तिराहे पर लगे सीएम व विधायक के पोस्टर फाड़ दिया। इन लोगों ने गौरव यात्रा का विरोध जताया। इसी बीच पहुंची पुलिस दो युवकों को पकड़ थाने ले गई। अन्य आरोपित भागने में सफल हो गए। पकड़े गए युवकों से मामले की जानकारी लेकर एवं समझाकर उन्हें पाबंद कर छोड़ दिया।
इधर एकाएक हुए इस विरोधात्मक घटनाक्रम से पुलिस व प्रशासन में भी हड़कम्प मच गया। सीएम व विधायक का पोस्टर फाडऩे की घटना का पता चलते ही भाजपाई व विधायक समर्थक भी आक्रोशित हो गए। उनके विरोध करने पहुंचने से टकराव की स्थिति बन गई। हालांकि इसी दौरान सदर थाना पुलिस के पहुंच जाने से स्थिति को काबू में कर लिया। तुरत-फुरत में सदर थाना पुलिस ने स्थिति को संभाल मामले को शांत कर दिया। इधर, इस मामले में किसी ने किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं कराया था।





No comments:
Post a Comment