Breaking News
recent

दिखेगी छात्र राजनीति की ताकत, मतदान शुक्रवार सुबह आठ बजे से

 

भीलवाड़ा।

जिले के नौ में से सात राजकीय महाविद्यालयों में शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव होंगे। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव व संयुक्त सचिव पदों के लिए सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक मतदान होगा। परिचय पत्र के बिना मताधिकार नहीं हो सकेगा। इसके बाद मतगणना ११ सितम्बर को होगी।

 

भीलवाड़ा में माणिक्यलाल वर्मा राजकीय महाविद्यालय (एमएलवी) व सेठ मुरलीधर मानसिंहका राजकीय कन्या महाविद्यालय में मुख्य रूप से एनएसयूआइ व एबीवीपी समर्थित प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला है। चुनावों में छात्र राजनीति के साथ ही भाजपा व कांग्रेस के नेता भी जुटे हुए हैं। कॉलेज प्रशासन ने मतदान को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। पुलिस प्रशासन ने दोनों कॉलेजों में मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। चुनाव को लेकर बाड़ेबंदी की आशंका को लेकर छात्र संगठनों के साथ ही पुलिस टीमें रातभर चौकस रही।

एसएमएस के जरिए मतदाताओं को दी सूचना

एमएलवी कॉलेज प्राचार्य बीएल मालवीय ने बताया कि कॉलेज में १३ बूथों पर मतदान होगा। सभी ६७०० मतदाताओं को एसएमएस के जरिए सूचना दी जा चुकी है कि उनकी बूथ संख्या कौनसी है। परिचय पत्र के बिना कॉलेज में प्रवेश व मतदान में शामिल होना संभव नहीं होगा। मतदान के लिए परिचय पत्र बनने का कार्य गुरुवार को भी हुआ। मतदान के तुरंत बाद मतपेटियां कॉलेज में ही स्थित पेपर स्ट्रांग रूम में रखवाए जाएंगे। यहां कॉलेज व पुलिस प्रशासन का संयुक्त पहरा रहेगा।

गल्र्स कॉलेज में आठ बूथ पर मतदान
सेठ मुरलीधर मानसिंहका राजकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या आभा जैन ने बताया कि मतदान के लिए कॉलेज में आठ बूथ बनाए गए हैं। यहां ३५१२ छात्रा मतदाता वोट दे सकेंगी। मतदान के पश्चात मतपेटियों को एमएलवी कॉलेज के स्ट्रॉन्ग रूम में रखवाया जाएगा। परिचय पत्र बनाने का कार्य गुरुवार को भी हुआ।

कन्या महाविद्यालय में आमने-सामने मुकाबला

कन्या महाविद्यालय में अध्यक्ष पद पर एबीवीपी की प्रियंका शक्तावत तथा एनएसयूआइ की मनीषा सोलंकी, उपाध्यक्ष पद पर वन्दना जोशी व सीमा जाट, महासचिव पद पर नीलम शर्मा व भावना चन्देल तथा संयुक्त सचिव पद पर आयुषी तिवारी व भगवती कुमारी पूर्बिया के बीच सीधा मुकाबला है। गंगा बागरिया कक्षा प्रतिनिधि पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो चुकी हैं।

एमएलवी कॉलेज में रोचक मुकाबला

एमएलवी कॉलेज में अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबला है। यहां एनएसयूआइ से करण चौधरी, एबीवीपी से शंकर गुर्जर, गोविंद रेगर प्रत्याशी हैं। इसी प्रकार उपाध्यक्ष के लिए देवेंद्र जोशी, नरेश बुनकर व बालकृष्ण शर्मा के बीच मुकाबला है। महासचिव पद पर किशन शर्मा, गीलूसिंह राणावत व पप्पूलाल बैरवा तथा संयुक्त सचिव पर मनोज खटीक व शांतिलाल बलाई के बीच मुकाबला है।

तीन सौ जवान सुरक्षा व्यवस्था में

कॉलेज चुनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। शहर के दोनों कॉलेज में तीन सौ जवान सुरक्षा लगाए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी सुरक्षा प्रभारी होंगे। दोनों कॉलेज में अंदर और बाहर डीएसपी स्तर के अधिकारी निगरानी रखेंगे। चेतक, मोबाइल और सिग्मा गश्त करेगी। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए कंट्रोल रूम पर अतिरिक्त जाप्ता तैनात रहेगा। घुड़सवार भी गश्त पर रहेंगे। शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए समाजकंटकों से सख्ती से निपटा जाएगा। दोनों कॉलेज के बाहर छात्रों को एकत्र नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए बेरीकेड लगा दिए जाएंगे। कॉलेज तक वे छात्र ही पहुंचेंगे, जो मतदान में भाग लेंगे। पुलिस अधीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह ने छात्र संगठनों और उनके पदाधिकारियों से शांतिपूर्ण मतदान करवाने में सहयोग की अपील की है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.