जैसलमेर/ मोहनगढ़. जिले के मोहनगढ़ नहरी क्षेत्र में कथित गो हत्या के मामले में की तह तक जाकर जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी के लिए जिला पुलिस अधीक्षक जगदीशचंद्र शर्मा ने विशेष टीम का गठन किया है। पुलिस अधीक्षक ने नाचना सीओ की अगुवाई में गठित इस टीम में नाचना, नोख, मोहनगढ़ और जैसलमेर पुलिस लाइन के कार्मिकों के अलावा साइबर सेल के सदस्यों को सम्मिलित किया गया है। पुलिस इस मामले में नवीनतम तकनीकी साधनों का इस्तेमाल करते हुए मामले का निस्तारण करना चाहती है। पुलिस अधीक्षक ने टीम को 15 दिन का समय जांच के लिए दिया। गौरतलब है कि मोहनगढ़ नहरी क्षेत्र में मंगलवार को इंदिरा गांधी मुख्य नहर के अंतिम छोर जीरो आरडी से पहले नहर के पास मृत अवस्था में मिली गाय को लेकर हिन्दू संगठनों ने रोष जताया था। उनका आरोप है कि गाय के थन व पूंछ काटने के बाद उसकी हत्या की गई है। इसके अलावा ग्रामीणों की ओर से घटना स्थल पर विरोध प्रदर्शन भी किया गया था। उधर, पुलिस की ओर से तीन व्यक्तियों को पूछताछ के लिए मोहनगढ़ पुलिस थाने भी लाया गया था। रात्रि में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जय नारायण मीणा भी मोहनगढ़ पहुंचे तथा तीनों व्यक्तियों से पूछताछ भी की। मोहनगढ़ पुलिस थानाधिकारी महेन्द्रसिंह खीची की देखरेख में पशु चिकित्सकों ने मृत गाय का पोस्टमार्टम किया। थानाधिकारी खींची ने बताया कि पोस्टमार्टम में गाय को जहर देने या चोट पहुचाने की पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।
सडक़ हादसे में पाकिस्तानी नागरिक घायल, जोधपुर रैफर
जैसलमेर. जैसलमेर में पासपोर्ट पर आया एक पाकिस्तानी नागरिक सडक़ हादसे में घायल हो गया। घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। उसे घायलावस्था में जोधपुर रैफर किया गया है। पुलिस उप निरीक्षक देवाराम ने बताया कि मंगलवार रात को उन्हें शहर के भीतरी हिस्से में एक व्यक्ति के सडक़ हादसे में घायल होने की सूचना मिली। घायल ने खुद को पाकिस्तान का नागरिक बताया। इस संबंध में सीआईडी के अधिकारियों को इत्तला दी गई। घायल मंजर खां (63) पुत्र इनायत खां पाकिस्तान के मूंदड़ी क्षेत्र का रहने वाला है और वह 10 सितम्बर तक की अवधि तक रहने के लिए पासपोर्ट से यहां आया है। उसने बताया कि गड़ीसर मार्ग के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। उधर, घायल मंजर खां को गंभीर हालत होने के कारण जोधपुर रैफर किया गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





No comments:
Post a Comment