Breaking News
recent

हेमावास-खारड़ा बांध बनेंगे पाली की नई पहचान

सादड़ी. पर्यटन की असीम संभावनाओं वाले पाली जिले में अब बांधों पर पर्यटन विकसित करने की कवायद शुरू हुई है। बांधों में नौकायन, पाळ पर बैठक व्यवस्था, बांधों के आसपास उद्यानों और गेस्ट हाउस का विकास करवाने पर केन्द्र सरकार करोड़ों रुपए खर्च करेगी। इसका मकसद, पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ बांधों की सुरक्षा करना भी है। इनमें पाली जिले का राणकपुर-सादड़ी, हेमावास और खारड़ा बांध भी शामिल है। यहां पर्यटन विकसित करने के लिए बुधवार को केन्द्र की डीएसआरपी टीम पाली पहुंची।

दल सदस्यों ने पाली जिले सहित जालोर व सिरोही जिले के ६ बांधों का निरीक्षण किया। बांधों को विकसित करने पर खर्च होने वाली राशि व अन्य प्लान तैयार किया। इसके साथ ही बांधों की सुरक्षा दीवार को ठीक करना भी इस योजना में प्रस्तावित है। टीम अब यह रिपोर्ट केन्द्र सरकार को सौंपेगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। केन्द्र से आई टीम में डेम सैफ रिव्यू पैनल टीम के चेयरमैन ए.के. बजाज, रिटायर्ड चीफ इंजीनियर ए.के. गर्ग, ज्यूलॉजिकल इंजीनियर श्यामसुन्दर आमेटा, रविन्द्र भटनागर आए थे। उनके साथ जलसंसाधन विभाग के अधीक्षण अभियन्ता प्रतापसिंह चावड़ा, अधिशासी अभियन्ता रामनारायण चौधरी, एइएन ताराराम गहलोत, कनिष्ठ अभियन्ता मनीषा चौधरी ने खारड़ा, हेमावास व सादड़ी-राणकपुर बांध का निरीक्षण किया।


जल निकासी के पर्याप्त बंदोबस्त का सुझाव
डीएसआरपी टीम सदस्य गर्ग ने पर्यटन दृष्टि से ओवरफ्लो के पास फुट ब्रिज निर्माण एवं आपदा प्रबन्धन दृष्टि से ओवरफ्लो पर जल दबाव बढऩे की स्थिति में जल निकासी को लेकर सेफ गेट निर्माण का सुझाव दिया। सदस्य डीडी. देराश्री ने राणकपुर बांध की दीवार को देख यहां पर्यटन दृष्टि से विकास की सम्भावनाएं बताई। इस अवसर पर जूणा-मालारी बांध जल उपभोक्ता संगम अध्यक्ष रणजीतसिंह मालारी, नहर सुपरवाइजर रूपाराम राइका सहित कई जने उपस्थित रहे।

सरकार को भेजा था प्रस्ताव
राणकपुर सादड़ी बांध के खस्ताहाल ओवरफ्लो को लेकर पिछले वर्ष राजस्थान पत्रिका ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किए थे। इसके बाद उदयपुर में जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की बैठक में विविध निर्माण का तैयार प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा गया था।


पर्यटन स्थल बनेंगे बांध
जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियन्ता चावड़ा ने बताया कि डीएसआरपी दल ने सिरोही जिले में शिवगंज समीप ओड़ा बांध, भीनमाल ( जालोर) में बांडी सेेंदड़ा बांध, भाद्राजून समीप बांकली बांध एवं पाली के हेमावास, खारड़ा व राणकपुर/सादड़ी बांध का निरीक्षण किया है। इसके बाद यह दल उदयपुर गया और वहां से दिल्ली के लिए रवाना हुआ।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.