कंवलियास।
भीलवाड़ा—अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सनोदिया चौराहे पर शुक्रवार को एक बाइक को ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां व बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार पिता घायल हो गया। उसे उपचार के लिए गंभीर घायल होने पर जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया। हादसे में घटनास्थल पर मौजूद भीड़ घायलों और मृतकों के वीडियो और फोटो के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर चलाती रहीं लेकिन किसी ने मदद नहीं की। काफी देर बाद राहगीरों ने एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस को पहुचने में काफी देर हो गई। जिससे हादसे में गंभीर घायल महिला तड़पती रही और दुर्घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने राजमार्ग पर जाम लगा दिया।
जानकारी के अनुसार कालियास निवासी हादसे में कालियास निवासी सुगनादेवी 45 पत्नी गोपाललाल तेली, बेटी रिकू 20 की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार गोपाललाल गंभीर घायल हो गया। जिसे भीलवाड़ा रैफर किया गया। हादसे के बाद सीमेंट भरा ट्रेलर बीच सड़क डिवाइडर पर खड़ा हो गया। वहीं ट्रेलर चालक को पकड़कर मारपीट भी की जिससे हंगामा खड़ा हो गया। मौके पर मृतक की मोटरसाइकिल ट्रेलर के इंजन के नीचे फंस गई। जिससे क्रेन की सहायता से बाहर निकाला गया।
सूचना के बाद भी 108 एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। समय पर अस्पताल नहीं पहुंचने से महिला की मौत हो गई। हाईवे जाम की सूचना पर गुलाबपुरा, शंभूगढ़ व रायला थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा लोगों को समझाइश कर करीब एक घंटे बाद जाम खुलवाया। जाम के दौरान दोनों तरफ करीब दो किलोमीटर वाहनों की कतार लग गई। गुलाबपुरा पुलिस ने मां—बेटी के शव को गुलाबपुरा चिकित्सालय में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द किए। वहीं पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर मामला दर्ज कर लिया।





No comments:
Post a Comment