Breaking News
recent

ढाणियों में ढूंढती रही पुलिस, भादू सोशल मीडिया पर सक्रिय

श्रीगंगानगर.

सादुलशहर इलाके में रविवार को पुलिस पर फायरिंग करते हुए चकमा देकर पंजाब इलाके में फरार हुए अंकित भादू की तलाश में तीन राज्यों की पुलिस छापेमारी करती रही और गैंगस्टर भादू भूमिगत हो गया। पंजाब पुलिस सोमवार को दिनभर वहां के कई गांवों व ढाणियों में कॉम्बिंग करती रही। श्रीगंगानगर से भी स्पेशल टीमों को फील्ड में उतारा गया है।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा की पंचकूला एसटीएफ को रविवार को अंकित भादू के एक कार में सादुलशहर इलाके में आने की सूचना दी थी। स्पेशल टीम मौके पर पहुंच गई। लेकिन उसी दौरान एक अन्य कार भी आ गई और अंकित भादू पुलिस पर फायर करते हुए खेतों में भाग निकला।


हरियाणा और श्रीगंगानगर पुलिस ने भी उस पर करीब चालीस फायर किए। उसने भी पुलिस कर्मियों पर सात फायर किए और वह वहां खड़ी एक बाइक लेकर फरार हो गया। आगे पंजाब सीमा के समीप अपने साथियों से कार मंगवाकर भाग निकला। हरियाणा, श्रीगंगानगर व पंजाब पुलिस ने रविवार को आधी रात तक हरियाणा, पंजाब व रेंज के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर व चूरू जिलों में सघन नाकेबंदी की।


उधर, पंजाब इलाके में अंकित भादू के छिपे होने पर रातभर पंजाब पुलिस छापेमारी करती थी। सोमवार को सुबह होते ही पंजाब पुलिस ने कई गांवों और ढाणियों में कॉम्बिंग शुरू कर दी। जो लगातार जारी है। इसके लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर श्रीगंगानगर से स्पेशल टीमें वहां भेजी गई है। पुलिस अंकित भादू की लोकेशन लगाने का प्रयास कर रही है।


सोशल मीडिया पर डाली पोस्ट, लोगों ने किए कमेंट
सादुलशहर से बचकर निकलने के बाद सोमवार दोपहर को अंकित भादू की फेसबुक आइडी अपडेट हुई है, जिसमें उसने बचने के बारे में बताया है। इस पोस्ट पर कई लोगों ने तरह-तरह के कमेंट किए हैं। कुछ माह पहले भी इसने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट डाली थी। इस दौरान पंजाब पुलिस ने दावा किया था कि सभी गैंगस्टरों के सोशल मीडिया पर एकाउंट खोजकर खत्म कर दिए हैं लेकिन एेसा नहीं हुआ।


सूचना पर हडक़ंप
शहर में गोल बाजार के समीप एक चाय की दुकान पर चार संदिग्धों के आने की सूचना पर पुलिस कर्मियों व लोगों में हडक़ंप मच गया। इसी के पास बिहाणी शिक्षा न्यास के अध्यक्ष जयदीप बिहाणी का मकान है। गैंगस्टर बिहाणी को धमकी दे चुके हैं। संदिग्धों के आने की सूचना पर सीओ सिटी तुलसीदास पुरोहित, कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।


सूचना पर नाकाबंदी
दोपहर को सूचना मिली थी कि पंजाब नंबर की सफेद रंग की एक स्कार्पियों में कुछ संदिग्ध शहर की तरफ आ रहे हैं। उनकी गतिविधियां संदिग्ध है। इस पर इलाके में नाकेबंदी कराई गई। पुलिस ने इस स्कार्पियो को रोक लिया और जांच पड़ताल की। जांच में पता चला कि दो-तीन व्यक्ति यहां दवा लेने आए थे। उनके पास पर्चियां व अन्य कागजात थे।


तीन पुलिस दलों का किया गठन
सादुलशहर. गैंगस्टर अंकित भादू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उप अधीक्षक (ग्रामीण) मृदुल कच्छावा ने सादुलशहर पुलिस थाने में तीन पुलिस दलों का गठन किया है। उन्होंने पुलिस थाना प्रभारी बलराज सिंह मान, पुलिस उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार व सहायक उपनिरीक्षक गुलाराम मीणा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया है। टीम काो निरीक्षण के दौरान एक एन्ड्रॉयड मोबाइल फोन व एक जिन्दा कारतूस मिला है। मोबाइल फोन की जांच की जा
रही है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.