सवाईमाधोपुर. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे दुर्ग पर बनाए गए हैलीपैड पर ही उतरेंगी। इसपर लगाए जा रहे कयासों को विराम लगाते हुए स्थानीय जिला प्रशासन ने पुष्टि कर दी है। अगले चंद मिनटों में मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर हैलीपेड पर उतर सकता है। इधर, जिला प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगा है। वहीं स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
हैलीपैड को लेकर बना था संशय
त्रिनेत्र गणेश दर्शन के साथ गौरवयात्रा को शुरू करने जा रही मुख्यमंत्री के लिए विकल्प के तौर पर दो हैलीपैड तैयार किए गए थे। इसके लिए शेरपुर व रणथम्भौर दुर्ग स्थित पार्क में हैलीपैड बनाया गया था। कुछ स्थानीय संगठनों ने दुर्ग में हैलीकॉप्टर उतारने को लेकर विरोध दर्ज कराया था। वहीं जिला कलक्टर को ज्ञापन भी सौंपा था।
एक घंटे देरी से पहुंचेंगी सीएम
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री को सुबह 9 बजे रणथम्भौर पहुंचना था। समाचार लिखे जाने तक मुख्यमंत्री का हैलीकॉप्टर नहीं पहुंचा था। उम्मीद जताई जा रही है, कि मुख्यमंत्री निर्धारित समय से एक घंटे की देरी से दुर्ग पहुंचेंगी। मौके पर जिला कलक्टर पीसी पवन, जिला पुलिस अधीक्षक समीरसिंह सहित अन्य आलाअधिकारी मौके पर मौजूद है।
स्वागत की तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता
इधर, सीएम के स्वागत को दुर्ग से लेकर जिला मुख्यालय तक पर भाजपा कार्यकर्ता व स्थानीय लोग इंतजार करते दिखे। शहर के रणथम्भौर रोड, हम्मीर सर्किल, अम्बेडकर सर्किल पर भाजपा कार्यकर्ता स्वागत के लिए खड़े हैं। मुख्यमंत्री के लिए विशाल स्वागत द्वार बनाए गए है। वहीं निर्धारित रूट को बड़े-बड़े बैनरों से पाट दिया गया है।
देर शाम ही हटाए अतिक्रमण
मुख्यमंत्री की प्रस्तावित यात्रा को देखते हुए गत बुधवार शाम को ही निर्धारित रास्ते से अतिक्रमण हटा दिए गए थे। रोड के किनारे स्थित पेड़ों की छटाई कर दी गई थी। वहीं पान की गुमटियां हटा दिए गए थे। रेलवे स्टेशन व बजरिया में रोड के किनारे वाहन पार्क नहीं करने की हिदायत लिखे बैनर भी लगाए गए हैं।





No comments:
Post a Comment