कोटा. सावन के आखिरी सोमवार को हाड़ौती में इन्द्रदेव ऐसे मेहरबान हुए कि दो घण्टे की बारिश में शहर से लेकर गांव पानी-पानी हो गए। नदी नालों में उफान आ गया। बांधों की चादर चल गई। नैनवां क्षेत्र मे तेज बरसात से उपखण्ड का समीधी गांव टापू बन गया है। गलवा बांध में अचानक पानी की तेज आवक हो गई। इससे बांध के टापू पर समीधी गांव के चार चरवाहे व भेड़ें फंस गई। सभी को पागड़ी गांव के ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाल लिया।
इस गांव के आसपास दोनों तरफ से खाळ का पानी घुस गया। गांव के बाहर झोपड़ों व गांव के बस स्टैण्ड पर पानी भर गया। समीधी गांव के खाळ के आए उफान से एक तालाब भी टूट गया है, जिससे गांव से नैनवां, करवर, व उनियारा मार्ग सुबह से ही बंद है।
तालेड़ा क्षेत्र के बरधा बांध पर चादर चल गई है। कोटा शहर में सुबह एक घण्टे तक जोरदार बारिश हुई। शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। जिले चेचट में सर्वाधिक छह इंच बारिश हुई है। कोटा में चौबीस घण्टे में 23.6 एमएम बारिश दर्ज की गई।
कोटा जिले के चेचट कस्बे में सुबह छह बजे से छह घंटे तक तेज बारिश हुई। इससे क्षेत्र के नदी, नाले उफन गए। चेचट से अमझार व अलोद मार्ग बंद हो गए। ताकली नदी की पुलिया पर पानी आ गया। करीब दो दर्जन मकानों व आधा दर्जन दुकानों में पानी भर गया। सांगोद, मोड़क में सुबह से दोपहर तक हल्की बारिश हुई। बारां शहर समेत जिलेभर में सोमवार को बादल झूमकर बरसे। जिले के छबड़ा उपखंड को छोड़ सभी उपखंडों में हुई जोरदार बारिश से नदी, नालों में उफान आ गया। झालावाड़ जिले में भी अच्छी बारिश हुई।
यह हाल
खाळों में आए उफान से नैनवां-समीधी, समीधी उनियारा, समीधी-करवर व समीधी नाहरी मार्ग शाम तक अवरुद्ध रहे। गलवा बांध में टापू बनने से चार चरवाहे व उनकी दो सौ भेड़ें फंस गई थी।
अधिक बारिश से समीधी गांव बना टापू
बूंदी. जिले में सोमवार को सुबह से ही बादल मेहरबान रहे। शहर में दो घंटे तेज बारिश हुई। सड़कों पर पानी बह निकला। नैनवां क्षेत्र मे सुबह सात बजे से ही तेज बरसात से उपखण्ड का समिधी गांव टापू बन गया है। इस गांव के आसपास दोनों तरफ से खाळ का पानी घुस गया। गांव के बाहर झौपड़ों व गांव के बस स्टैण्ड पर पानी भर गया। समीधी गांव के खाळ के आए उफान से एक तालाब भी टूट गया है, जिससे गांव से नैनवां, करवर, व उनियारा मार्ग सुबह से ही बंद है। जजावर में बारिश से मकान की दीवार ढह गई। तालेड़ा क्षेत्र के बरधा बांध पर चादर चल गई है।सोमवार शाम पांच बजे तक बूंदी में 26, तालेड़ा में 39, केशवरायपाटन में 10, इन्द्रगढ़ में 42, नैनवां में 76, हिण्डोली में 11 एमएम बारिश दर्ज की गई।





No comments:
Post a Comment