गुजरात में गायकी के कार्यक्रम में शरीक होने के लिए निकाला था मफाराम
जालोर/ चितलवाना. चितलवाना थाना क्षेत्र में करीब तीन दिन पूर्व एक युवक का शव मिलने के बाद उसकी शिनाख्त नहीं होने के बाद पुलिस द्वारा उसका अंतिम संस्कार जरुर कर दिया गया, लेकिन अब उसके अंतिम संस्कार के बाद उसकी शिनाख्त ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। युवक की पहचान बागोड़ा थाना क्षेत्र के कालेटी निवासी मफाराम प्रजापति के रूप में हुई है, जो एक गायक कलाकार था। मामला इसलिए अहम है क्योंकि युवक जालोर जिले का ही निवासी था, लेकिन पुलिस की ओर से बरती गई ढिलाई के चलते युवक का अंतिम संस्कार हो गया। साथ ही मामले से जुड़े कई अहम सुराग भी नष्ट हो गए। चूंकि मामला हत्या का है इसलिए यह तथ्य अब अहम हो जाता है। अलबत्ता अब युवक की शिनाख्त होने के बाद पुलिस भी मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है और मामले के खुलासे के लिए हाथ पांव मार रही है।
हत्या का मामला दर्ज
थाना क्षेत्र के रणोदर की सरहद में नेशनल हाइवे के किनारे शव मिलने के बाद मृतक के भाई ने अंतिम संस्कार के बाद शिनाख्त की है। मृतक के भाई की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी तेजूसिंह ने बताया कि हाइवे किनारे रणोदर की सरहद में अज्ञात शव की शिनाख्त कालेटी बागोड़ा निवासी मफाराम (35) पुत्र गोमाराम प्रजापति के रूप में हुई हैं। उसके भाई हरचन्दराम ने रिपोर्ट दी कि मफाराम बुधवार को घर से महेसाणा गुजरात में गायकी प्रोग्राम के लिए घर से निकला था। वहीं महेसाणा नहीं जाकर उसकी हत्या की गई हैं। सिर में चोट व मुंह खून से सना होने से पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की।
कपड़ों और हुलिए के आधार पर शिनाख्त
सोशल मीडिया पर मामला आने के बाद परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई। पहले स्तर पर उसके पहने पेंट शर्ट और अंडर वीयर बनियान से शव मफाराम होने की संभावना बनी। जिसके बाद शनिवार को परिजन चितलवाना पहुंंचे। जिसके बाद फोटो के हुलिए और शव के साथ मिली अन्य सामग्री के आधार पर शव की शिनाख्त मफाराम के रूप में हुई।
31 को सवेरे बस से निकला था
पुलिस के अनुसार मफाराम मेहसाना में गायकी के कार्यक्रम के लिए गुजरात रवाना हुआ था। पुलिस के अनुसार अब तक की पड़ताल में सामने आया है कि मफाराम राजस्थान की सीमा को पार नहीं कर पाया था। ऐसे में संभावना है कि उसकी हत्या राजस्थान की सीमा में ही हुई थी। पुलिस इस तथ्य पर भी जांच कर रही है कि मफाराम कालेटी से अकेला ही गुजरात के लिए रवाना हुआ था। क्या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी गुजरात के लिए जाने वाला था। इन सभी बिंदुओं पर पड़ताल से पुलिस मामले के खुलासे का प्रयास कर रही है। पहले स्तर पर पुलिस यही मान रही है कि मफाराम की हत्या राजस्थान में ही हुई है। अब पुलिस हत्यारों तक पहुंचने के साथ साथ हत्या के कारणों को खोजने का प्रयास भी कर रही है।
मोबाइल बन सकता है मुख्य आधार
अब तक पुलिस ने मफाराम के मोबाइल की बरामदगी के बारे में कोई तथ्य साफ नहीं किए है। मोबाइल की बरादमी होती है तो महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को मिल सकती है, जो मामले के खुलासे में अहम साबित होगी। यदि पुलिस मोबाइल बरामद नहीं कर पाती है तो मफाराम की कॉल डिटेल और मोबाइल लोकेशन के आधार पर भी प्रकरण के तह तक पहुंच सकती है। युवक की पहचान हो चुकी है और यह मुख्य रूप से गुजराती लोक गायक था। ऐसे में मामले का खुलासा अब पुलिस के लिए भी अहम चुनौती है।
इनका कहना
कपड़ों और फोटो के हुलिए के आधार पर मृतक की शिनाख्त हुई है। युवक के भाई ने हत्या का प्रकरण दर्ज करवाया है। मामले में तथ्य जुटाकर जांच की जा रही है।
- तेजूसिंह, थाना प्रभारी, चितलवाना





No comments:
Post a Comment