जोधपुर. पुलिस की सख्ती के बावजूद चिंकारों के शिकार का मामला नहीं थम रहा। करवड़ थाना क्षेत्र में गंगाणी फ ांटा के पास रविवार देर रात एक बाइक पर लदे दो थैलों से पुलिस ने दो मृत चिंकारा बरामद किया। पुलिस के अनुसार रात दो बजे बाइक सवार एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधियों को देख चेतक गश्ती दल ने पीछा किया। करीब दो किलोमीटर तक पीछा करने पर बाइक चालक वाहन छोड़ रात के अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। एक पुलिसकर्मी ने नीचे उतरकर बाइक पर लगे थैलों को खोलकर देखा तो उसमें दो चिंकारे ठूंसे हुए मिले। पुलिस ने शिकार प्रकरण सम्बधी सूचना रात को ही वन विभाग को देकर बाइक सहित चिंकार को सुपुर्द कर मौका पंचनामा तैयार करवाया। वन विभाग ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। क्षेत्रीय वन अधिकारी ने बताया कि अज्ञात शिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। बरामद चिंकारों में एक नर और एक मादा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगा कि चिंकारों का शिकार बंदूक से किया गया या अन्य हथियार प्रयुक्त किया गया।
नाकाबंदी में सिपाही को टक्कर मारी, पुलिस ने चार किमी पीछा कर दो को पकड़ा
बागोर. भीलवाड़ा. भांवलास चौराहे पर सोमवार शाम नाकाबंदी के दौरान एक कार चालक सिपाही को टक्कर मारकर भाग गया। पुलिसकर्मियों ने करीब चार किलोमीटर पीछा कर कार को रोका और दो जनों करेड़ा निवासी सावरमल पुत्र शंकरलाल कलाल व सांवरमल पुत्र लादूलाल माली को पकड़ा। दोनों लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला और राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। घायल सिपाही का बागोर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में प्राथमिक उपचार किया गया। थानाधिकारी कानसिंह राठौड़ ने बताया कि भांवलास चौराहे पर नाकाबंदी की गई थी। काले शीशे चढ़ी एक कार को संदेह के आधार पर रोकने का इशारा किया। चालक ने वाहन रोकने के बजाए गति बढ़ा दी और वहां खड़े सिपाही राजाराम पर को टक्कर मार दी। पुलिसकर्मियों ने करीब चार किलोमीटर पीछा कर भांवलास का खेड़ा के निकट कार रोक ली। मौके से कार सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे काले कांच चढ़े होने से डर गए थे। इसके चलते उन्होंने कार भगाई।





No comments:
Post a Comment