Breaking News
recent

कांग्रेस सांवलियाजी से बजाएगी मेवाड़ में चुनावी बिगुल


चित्तौडग़ढ़. विधानसभा चुनाव से करीब तीन माह पहले मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के राजस्थान गौरव यात्रा पर निकलने के बाद अब कांग्रेस संभागीय सम्मेलनों के सहारे उसका राजनीतिक जवाब देने की तैयारी में है। इन संभागीय सम्मेलनों का संकल्प रैली के रूप में आगाज शुक्रवार को चित्तौडग़ढ़ जिले में स्थित मेवाड़ के कृष्णधाम सांवलियाजी से होने जा रहा है। सुबह ११ बजे से शुरू होने वाले इस सम्मेलन को मेवाड़ में कांग्रेस का विधानसभा चुनाव के लिए शंखनाद माना जा रहा है। सम्मेलन में उदयपुर संभाग के चित्तौडग़ढ़, उदयपुर, राजसमन्द, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, प्रतापगढ़ जिले सहित मेवाड़ क्षेत्र में शामिल माने जाने वाले भीलवाड़ा जिले से भीड़ जुटाने की तैयारी की गई है। सम्मेलन संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष उदयलाल आंजना कांग्रेस नेताओं व पदाधिकारियों के साथ गुरूवार को भी सम्मेलन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे रहे। सम्मेलन को कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, राष्ट्रीय संगठन महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, कांग्रेस महासचिव सीपी जोशी, मोहनप्रकाश,सह प्रदेश प्रभारी तरूणकुमार सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता सम्बोधित करेंगे।
....................
मौसम ने बढ़ाई चिंता
सांवलियाजी में सम्मेलन स्थल पर वाटरप्रूफ डोम लगाए गए है। इसके बावजूद सम्मेलन स्थल पर बारिश के कारण कई जगह मिट्टी गिली होने से परेशानी आ रही है। कई जगह पानी भरा हुआ है। ऐसे स्थानों को गिट्टी डाल सूखाने की कवायद दिनभर चलती रही लेकिन बारिश का दौर बना रहने से भी कांग्रेस की चिंता बढ़ गई है। बारिश नहीं रूकन से मैदान पूरी तरह नहीं सूख पा रहा है।
....................
क्यों किया चित्तौडग़ढ़ जिले का चयन
उदयपुर संभाग में सम्मेलन के लिए चित्तौडग़ढ़ जिले का चयन होने के पीछे भी यहां पार्टी को राजनीतिक रूप से अधिक मजबूत बनाने का लक्ष्य होना कारण है। पिछले विधानसभा चुनाव में उदयपुर संभाग में शामिल छह जिलों में से कांग्रेस का खाता केवल उदयपुर एवं बांसवाड़ा में ही खुल पाया। संभाग के जिन चार जिलों में खाता नहीं खुल पाया उनमें सबसे बड़ा जिला चित्तौडग़ढ़ ही था। यहां विधानसभा की पांचों सीटों पर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में कांग्रेस अब राज्य की सत्ता हासिल करने का लक्ष्य पाने के लिए चित्तौैड़ जिले में सफलता पाना जरूरी मानती है। सांवलियाजी मेवाड़ संभाग का प्रमुख धार्मिक केन्द्र होने से भी यहां से चुनावी आगाज को कांग्रेस शुभ मान रही है।
............
सम्मेलन से देंगे एकता का संदेश
प्रदेश में पिछले कुछ समय से कांग्रेस नेताओं के आगामी विधानसभा चुनाव में नेतृत्व व भावी मुख्यमंत्री को लेकर अलग-अलग बयानबाजी करने से पार्टी में भम्र की स्थिति बनने के साथ वरिष्ठ नेताओं की गुटबाजी भी सार्वजनिक हो गई। ऐसे में कांग्रेस नेता सांवलियाजी सम्मेलन के सहारे एकता का संदेश देने का भी प्रयास करेंगे। सम्मेलन में प्रदेश में कांग्रेस के तीनों वरिष्ठ नेता गहलोत,पायलट व जोशी की मौजूदगी कार्यकर्ताओं को एकता का संदेश दे सकती है। संभागीय सम्मेलन की तैयारियों के लिए तीनों वरिष्ट नेताओं के समर्थक तैयारियों में लगे है। आंजना के साथ पूर्व विधायक सुरेन्द्रसिंह जाड़ावत, प्रकाश चौधरी, जिलाध्यक्ष मांगीलाल धाकड़ भी तैयारियों में लगे रहे।
...............
दावेदारों ने की शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
विधानसभा चुनाव से पहले जिले में कांग्रेस के इस बड़े सम्मेलन को टिकट के दावेदार शक्ति प्रदर्शन का मौका भी मान रहे है। ऐसे में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से टिकट मांग रहे नेताओं ने सम्मेलन में भीड़ जुटाने के बहाने दावेदारी पेश करने की पूरी तैयारी कर ली है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.