जालोर. गांव की सरकारी स्कूल में टॉप रहने वाल इने बच्चों ने कभी सोचा न होगा कि वे हवाई सफर कर पाएंगे। लेकिन, रायपुरिया गांव के बच्चों का यह सपना साकार हुआ है दानदाता मोहनलाल रताराम माली के सहयोग से। छात्रों ने सोमवार को गांव से 24 सदस्यीय टीम मुम्बई के लिए रवाना हुई। यह दल अहमदाबाद तक बस से एवं वहां से मुम्बई के लिए वायुयान से यात्रा करेगा।
ग्रामीणों ने प्रतिभाशाली छात्रों के इस दल को हर्षोल्लास से रवाना किया। उल्लेखनीय है कि स्कूल के पूर्व छात्र एवं दानदाता मोहनलाल रताराम माली ने यह अनुठी पहल की है। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में बच्चों को टॉपर बनाने का बीड़ा उठाते हुए यह घोषणा कर रखी है। इसके तहत स्कूल की हर कक्षा में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को इस ट्यूर में शामिल किया है। वे चाहते हैं कि गांव की सरकारी स्कूल में पढऩे वाले बच्चे स्वस्थ प्रतिस्पद्र्धा रखते हुए टॉप कर सके। स्कूल के अध्यापक राजेंद्रसिंह ने बताया कि पांच दिवसीय टयूर के लिए प्रतिभावान विद्यार्थियों को गांव के गणमान्य लोगों एवं अभिभावकों ने रवानगी दी। छात्र दल एक सितम्बर तक मुम्बई में भ्रमण करेगा। इसी दिन शाम को वहां से वापसी होगी। 2 सितम्बर को अलसुबह छात्र दल गांव लौट आएगा।
प्रतिभा तराशने की योजना
स्कूल के अध्यापक राजेंद्रसिंह इस अनुठी पहल के प्रेरक हैं। वे बताते हैं कि गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। बच्चों को प्रेरणा मिलनी चाहिए। गांव के कई होनहार बच्चों को तराशने एवं आगे बढ़ाने का विचार आया। इस दिशा में चर्चा चली तो गांव के दानदाता ने भी सहमति जताई। इसके बाद योजना को मूर्त रूप दिया गया। दानदाता खुद इस योजना से प्रफुल्लित है।
टॉपर बने रहने की मचेगी होड़
गांव की इस स्कूल में अनुठी तरह की यह योजना गत वर्ष शुरू की गई थी, लेकिन तब दसवीं व बारहवीं के टॉपर बच्चों को ही हवाई यात्रा करवाई गई। इस बार दूसरे ही वर्ष बच्चों की संख्या बढ़ा दी है। इसमें कक्षा पांचवीं से बारहवीं तक के टॉपर, जिसमें प्रथम व द्वितीय आने वाले छात्रों को शामिल किया है। इसका उद्देश्य यह है कि छात्र छोटी कक्षा से ही निरंतर टॉपर बना रहा।
साकार हो रहा मुम्बई देखने का सपना
शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकारी स्तर पर लेपटॉप, साइकिल वितरण समेत अन्य कई योजनाएं संचालित है, लेकिन हवाई यात्रा व तीन दिवसीय मुम्बई भ्रमण करवाने वाली यह योजना बच्चों को आकर्षित कर रही है। छात्र बताते हैं कि टीवी व फिल्मों में मुम्बई का नाम सुनकर देखने की चाह थी। हवाई यात्रा का भी सपना था, जो अब पूरा हो रहा है।





No comments:
Post a Comment