सिरोही. जिला प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के बाद अब एक नया घटनाक्रम सामने आया है। अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से महज दो दिन पहले जिला परिषद की एक महिला सदस्य के पति ने कालन्द्री पुलिस थाने में गुमशुदगी रिपोर्ट दी है। पुलिस ने बताया कि डोडुआ निवासी भवानीसिंह ने रिपोर्ट दी कि उनकी पत्नी गिरिजा कंवर १६ अगस्त को घर से लापता हो गई थी। आस-पास व सम्बंधियों के यहां तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। ऐसे में अब थाने में गुमशुदगी रिपोर्ट दी है। कालन्द्री थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
२१ को होनी है वोटिंग
गौरतलब है कि १० अगस्त को देर शाम सत्ताधारी भाजपा के छह जिला परिषद सदस्यों ने कांग्रेस के एक सदस्य के साथ मिलकर जिला प्रमुख पायल परसरामपुरिया केे खिलाफ जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी शुभम चौधरी को अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। इसके बाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए २१ अगस्त निर्धारित की गई है। ऐसे में इस दिन दोनों पक्षों का शक्ति परीक्षण होगा। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की तिथि निर्धारित होते ही दोनों पक्ष अपने समर्थकों को लामबंद करने में जुट गए हैं। वहीं जिला प्रमुख की कुर्सी बचेगी या गिरेगी, इसको लेकर २१ अगस्त का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच, जिला परिषद की एक महिला सदस्य की गुमशुदगी रिपोर्ट ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रमुख के दावेदारों में!
बताया जा रहा है कि जिला प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित होता है तो प्रमुख की दौड़ में गिरिजा कंवर प्रबल दावेदार हैं। गिरिजा कंवर जिला परिषद के वार्ड आठ से भाजपा की सदस्य हैं। चर्चा है कि उन्हें जिला प्रमुख बनाने के लिए यह सब कवायद की जा रही है।
थाना प्रभारी ने नहीं किया कॉल रिसीव
गुमशुदगी रिपोर्ट दबाने को लेकर भी कालन्द्री थाना पुलिस ने हर संभव प्रयास किए। जानकारी चाहने के लिए थाना प्रभारी शिवराजसिंह को कई बार कॉल लगाया लेकिन उन्होंने रिसीव करने के बजाय काट दिया। हालांकि, बाद में रेवदर डीएसपी वीराराम चौधरी से सम्पर्क किया गया। उन्होंने रिपोर्ट मिलने की बात कहते हुए थाने से जानकारी लेने की बात कही। इसके बाद थाने में पुलिसकर्मियों ने रिपोर्ट के बारे में जानकारी दी।यह है सीटों का गणित: जिला परिषद में कुल २१ सीट है। जिसमें १५ सीट पर भाजपा का कब्जा है। वहीं ६ सीट पर कांग्रेस का कब्जा है। लेकिन भाजपा के ही ६ सदस्यों ने कांग्रेस के एक सदस्य को साथ लेकर अविश्वास प्रस्ताव पेश किया।इनका कहना है...
&हां, जिला परिषद की महिला सदस्य की गुमशुदगी रिपोर्ट मिली थी। इस पर कालन्द्री थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई है।
वीराराम चौधरी, डीएसपी, रेवदर





No comments:
Post a Comment