पाली। इन दिनों शहर व जिले में चोर गश्त पर है। चोर लगातार वारदातों का अंजाम दे रहे हैं। लेकिन, पुलिस के लिए नकबजनी की वारदातें खोलना चुनौती बन गया है। शहर में गत तीन माह में बड़ी वारदातें नकबजनी की हुई। चोरों ने लाखों रुपए का माल व नकदी चुराई।
जिनके घर चोरियां हुई, उन्होंने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी दिए, लेकिन पुलिस ने इन सभी को एक तरफ रख दिया। गश्त भी कमजोर है, लिहाजा नकबजनी की वारदातें लगातार बढ़ रही है। पीडि़त लोग लगातार पुलिस के थानों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई करने वाला कोई नहीं है।
शहर के औद्योगिक क्षेत्र में हुई नकबजनी की बड़ी वारदातें नहीं खुल पाई। जिले के ग्रामीण इलाकों में मंदिर-स्कूलों को भी निशाना बनाया जा रहा है। आमजन में दहशत है। लेकिन, पुलिस नींद में है।
केस - 1
शहर के एसबीआई बैंक नया गांव शाखा के मैनेजर राजेन्द्र प्रसाद पुत्र हरीराम प्रसाद का मकान शहर के पुराना हाउसिंग बोर्ड में स्थित है। गत 13 जून को परिवारिक कार्य से परिवार सहित पूना गए थे। 16 जून की शाम को लौटे तो घर का ताला टूटा मिला। चोर घर में रखे एक लाख 59 हजार रुपए व करीब 20 तोला सोने व आधा किलो चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। पुलिस अभी तक सीसीटीवी फुटेज ही खंगाल रही है। चोरों का सुराग नहीं लगा।
केस-2
पाली शहर के पांच मौखा पुलिया के निकट स्थित एक दुपहिया वाहन के शोरूम का जून माह में रात को चोर पीछे के गेट का ताला तोड़ अंदर घुसे। फिर शौचालय के वेंटिलेटर तोडकऱ अंदर गए। गल्ले में रखे तीन लाख 44 हजार 600 रुपए चोरी कर ले गए। शोरूम संचालक प्रदीप चौधरी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया, लेकिन चोरों का सुराग नहीं लगा। पुलिस का दावा है कि चोरों की तलाश की जा रही है।
केस - 3
वीर दुर्गादास नगर स्थित डॉ. आरसी दिनकर की क्लिनिक में एक अगस्त को एक चोर दिनदहाड़े घुसा। उस समय डॉ. दिनकर खाना खाने गए हुए थे। चोर टेबल की ड्रॉ में रखा एक लाख रुपए लेकर भाग गया। सीसीटीवी में उसका चेहरा भी कैद हो गया। डॉ. ने पुलिस को फुटेज दे दिए, लेकिन पुलिस ने मामला एक तरफ रख दिया। चोर का सुराग नहीं लगा। पुलिस अधिकारियों से भी बात की, लेकिन गंभीरता से किसी ने नहीं लिया।
केस - 4
जिले के निमाज, तखतगढ़ व सोजत के निकट हाइवे पर स्थित मंदिर में चोरों ने दो दिन पहले एक साथ वारदातें की। निमाज में स्कूल से सामान, तखतगढ़ में किराणा की दुकान से सामान व सोजत हाइवे पर इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर से आभूषण ले गए। सोजत रोड में भी चार दिन पहले किराणा की दुकान से चोर सामान व नकदी चुरा ले गए। इन वारदातों का खुलासा करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।
यह भी वारदातें नहीं खुली
-पाली शहर के नया हाउसिंग बोर्ड निवासी डॉ. तुलसीदास पुरोहित परिवार सहित 16 अप्रेल को मध्यप्रदेश के छतरपुर भानजी के विवाह में मायरा भरने गए हुए थे। कुछ दिनों बाद वापस आए तो मकान का ताला टूटा मिला। चोर घर में रखे 75 हजार नकद, डेढ़ किलो चांदी के आभूषण, तीन सोने की अंगुठियां, एक हाथ घड़ी सहित अन्य सामान चुराकर ले गए।
- शहर के शिवाजी नगर निवासी संदीप गोस्वामी 30 अप्रेल को दिन में किसी कार्य से बाहर गए हुए थे। कुछ समय बाद वे घर पहुंचे तो मकान का ताला टूटा मिला। चोर अलमारी का ताला तोड़ उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।
- पाली शहर के बापूनगर विस्तार निवासी हरीनारायण ब्राह्मण 18 अप्रेल को परिवार सहित केरल सामाजिक कार्यक्रम में गए हुए थे। 25 अप्रेल की सुबह घर का ताला टूटा हुआ देख पड़ोसियों ने फोन किए तथा मकान पर दूसरा ताला लगा दिया। मकान मालिक पाली पहुंचा तो देखा कि चोरों ने अलमारी, बक्से के ताले तोड़ उनमें रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
खुद ही रहें जागरूक व सावधान, पुलिस तो नींद में
- मुख्य द्वार पर दिखाई देने वाला ताला लगाने से बचें। चोर ताला लगा देखकर समझ जाते हैं कि घर में कोई नहीं है।
- घर में खिड़कियों में पर्दे करके जाएं तथा एक लाइट जलती छोड़ जाएं।
- पड़ोसी को घर का ध्यान रखने के लिए बोल कर जाएं।
- हो सके तो अपने किसी जानकार या रिश्तेदार को घर में ठहरा जाएं।
- अपने क्षेत्र की थाना, चौकी पुलिस को घर पर नजर रखने के लिए सूचित कर जाएं।
- हो सके तो कीमती गहने बैंक लॉकर में रखकर जाए या अपने विश्वासपात्र रिश्तेदार के यहां रख कर जाए।
- घर व दुकान पर सीसीटीवी कैमरे लगाए।





No comments:
Post a Comment